संवाद न्यूज एजेंसी
चोपटा। बीमा क्लेम की मांग को लेकर किसान बीते 102 दिन से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। बीते 12 दिनों से चार किसान गांव नारायण खेड़ा के जलघर की 110 फुट ऊंची टंकी पर चढ़े हुए हैं। 11 दिन से 13 किसान व सरपंच आमरण अनशन पर बैठे हैं। इसके बाद भी सुनवाई न होने पर किसानों ने 16 अगस्त से अनिश्चितकाल के लिए भावदीन टोल प्लाजा जाम करने का एलान किया है। वहीं, रविवार को अनशन पर बैठी सरपंच एसोसिएशन की प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष बैनीवाल का स्वास्थ्य बिगड़ गया। उन्हें चोपटा में स्थित स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया है।
धरने प्रदर्शन के बाद भी सरकार की ओर से बीमा क्लेम को लेकर कोई भी कदम नहीं उठाने के चलते रविवार किसान कमेटी की बैठक हुई। किसानाें ने कहा कि अभी तक सरकार ने बीमा क्लेम जारी किए जाने को लेकर कोई भी अंतिम तिथि नहीं दी है। सरकार ने किसानों ने 15 अगस्त तक समय दिया है। अगर 15 अगस्त को बीमा क्लेम नहीं दिया गया तो 16 अगस्त को नेशनल हाईवे पर स्थित भावदीन टोल प्लाजा को अनिश्चितकालीन जाम किया जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन के युवा अध्यक्ष रवि आजाद, सुरेश ढाका, सुभाष सरपंच माखोसरानी, सरपंच सुभाष बैनीवाल, संजय सहारण संदीप सिंवर, अमन बैनीवाल, रविन्द्र कासनियां ने कहा कि किसान पिछले 102 दिन से नाथूसरी चोपटा और नारायण खेड़ा जलघर में धरना दे रहे हैं। अपने हकों की लड़ाई लड़ रहे किसानों की सरकार अनदेखी कर रही है। 11 दिन से आमरण अनशन पर बैठे 77 वर्षीय नंदलाल ढिल्लो, ओमप्रकाश झुरिया, और सरपंच एसोसिएशन की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संतोष बैनीवाल की तबीयत बिगड़ती जा रही है। इसके अलावा चार किसान भरत सिंह झाझड़ा, दीवान सहारण, जयप्रकाश और नरेंद्र पाल सहारण 110 फुट ऊंची टंकी पर चढ़े हुए हैं। सरकार को किसी भी किसान की कोई फिक्र नहीं है। संदीप सिंवर ने अपील की कि 16 अगस्त को भावदीन टोल प्लाजा पर ज्यादा से ज्यादा किसान पहुंचे।
टोल प्लाजा पर पहुंचने का रूट तय
किसान नेता सुरेश ढाका ने बताया कि 16 अगस्त को भावदीन टोल प्लाजा पर पहुंचने का रूट तय किया गया है। उसी के अनुसार किसान अपने ट्रैक्टर लेकर ज्यादा से ज्यादा संख्या में भावदीन टोल प्लाजा पर पहुंचेंगे। किसान डिंग मोड़, शेरपुरा मोड़, बाजेकां मोड़, डबवाली बाइपास और सिकंदरपुर मोड़ से पहुंचेंगे।
नारायण खेड़ा जारी रहेगा धरना, महिलाएं संभालेंगी कमान
भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश युवा अध्यक्ष रवि आजाद ने बताया कि 15 अगस्त को राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नारायण खेड़ा जलघर पर चल रहे किसान धरने पर तिरंगा झंडा फहराया जाएगा। इसके 16 अगस्त को देश व प्रदेश से किसान टोल प्लाजा पर पहुंचकर आंदोलन को मजबूती प्रदान करेंगे। नारायण खेड़ा में किसान धरने की कमान महिलाएं संभालेंगी। महिलाएं ही इस धरने का संचालन करेंगी।