फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: ओढां में नौ गांवों के लोगों ने पुलिस के खिलाफ किया प्रदर्शन

Sun, 13 Aug 2023 11:40 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
विज्ञापन
ओढां में पुलिस के खिलाफ धरना प्रदर्शन करते ग्रामीण। स्त्रोत : संवाद।
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

ओढां। लूटपाट की घटनाओं को लेकर नौ गांवों के ग्रामीणों ने बस स्टैंड के पास एकत्रित होकर पुलिस के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस आम लोगों के चालान करने तक सीमित हो गई है, जबकि चोर-लुटेरे बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। धरने में गांव ओढां, टप्पी, ख्योवाली, मिठड़ी, चोरमार, घुंकावाली, रोहिड़ांवाली, सालमखेड़ा व किंगरे से ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीण कौर सिंह कुंडर, पूर्व सरपंच दर्शन सिंह मलकाना, ओमप्रकाश सोनी, भुपेन्द्र सिंह मान, रोहिड़ांवाली के सरपंच महेन्द्र कालवा, मिठड़ी के सरपंच अमृतपाल सिंह, किसान नेता जगदीश रूपावास, पूर्व सरपंच गुरमेल सिंह सालमखेड़ा सहित अन्य लोगों ने कहा कि चोर-लुटेरों के समक्ष पुलिस प्रशासन बेबस है। हर रोज चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है, तो वहीं खेतों में जाने वाले लोग भी लुटेरों का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लुटेरों ने वीरवार रात्रि ओढां में एक साथ छह वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस अभी तक लुटेरों को पकड़ना तो दूर गाड़ी तक को ट्रेस नहीं कर पाई है।
विज्ञापन

ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस हर रोज रोड पर नाकाबंदी कर आम लोगों के चालान तो कर देती है, लेकिन चोर-लुटेरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि रात को खेतों में जाने वाले किसानों को घरों से निकलने में भी डर लगने लगा है, तो वहीं दिन के समय घरों के बाहर व अंदर महिलाएं भी सुरक्षित नहीं है। सूचना के बाद ओढां थाना प्रभारी अनिल सोढ़ी ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाना चाहा, लेकिन ग्रामीणों ने स्पष्ट तौर पर कहा कि उन्हें आश्वासन नहीं कार्रवाई चाहिए। इस बात पर थाना प्रभारी ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस अपना कार्य कर रही है। सूचना के बाद डीएसपी कालांवाली गुरदयाल सिंह लोगों के बीच पहुंचे। डीएसपी ने ग्रामीणों की सुनने के बाद उन्हें आश्वस्त किया कि लूटपाट व चोरी की घटनाओं को सुलझाने में पुलिस जुटी हुई है। रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई जाएगी और आरोपियों को शीघ्र ही काबू किया जाएगा। इस आश्वासन के बाद लोगों ने यह कहकर धरना समाप्त कर दिया कि अगर सार्थक परिणाम नहीं निकले तो धरना प्रदर्शन की आगामी रूपरेखा तैयार की जाएगी।
विज्ञापन


पुलिस अपना कार्य कर रही है। लुटेरों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द से आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
अनिल सोढ़ी, थाना प्रभारी, ओढां
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें