संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। परिवहन विभाग की ओर से आवंटन पत्र जारी होने के बावजूद सिरसा डिपो को 10 एसी बसें नहीं मिल सकी हैं। नारनौल डिपो से सिरसा डिपो को मिलने वाली बसों का वहां की जनता के विरोध करने पर विभाग ने आवंटन पत्र वापस ले लिया है। इससे सिरसा डिपो का एसी बसों के लिए इंतजार फिर बढ़ गया। वहीं, सिरसा रोडवेज के पास कोई अपनी एसी बस नहीं है।
सिरसा से दिल्ली व चंडीगढ़ जाने वाली सवारियों के हिसाब से डिपो के पास पर्याप्त बसें नहीं हैं। सिरसा डिपो ने परिवहन विभाग के पास 10 एसी बसों की मांग भेजी थी, क्योंकि डिपो के पास दिल्ली जाने वाली बसों की कमी है। दिल्ली में सिर्फ बीएस-6 इंजन की बसें ही जा सकती हैं। सिरसा डिपो पर यह गिनती की ही बसें हैं। इसी कारण सवारियों को एक-एक घंटे के इंतजार के बाद दिल्ली व चंडीगढ़ की बसें मिलती हैं। सिरसा डिपो की मांग को विभाग ने स्वीकार भी कर लिया था और 10 एसी बसों को देने के लिए पत्र भी जारी कर दिया था। पत्र में कहा गया था कि बसें नारनौल डिपो से आनी हैं, परंतु नारनौल में स्थानीय लोगों के विरोध के बाद अब विभाग की ओर से पत्र को वापस ले लिया गया। अब सिरसा रोडवेज डिपो को एक बार फिर एसी बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं, चंडीगढ़, रोहतक, हिसार व दिल्ली डिपो की बसों से ही लोगों को सफर करना पड़ रहा है, जिससे सिरसा रोडवेज डिपो को घाटा भी हो रहा है।
-
सिरसा में 10 नई एसी बसें आनी थीं। इन बसों को नारनौल से यहां पर भेजना था, लेकिन कुछ कारणों से बसें नहीं आ पाई हैं। हालांकि एसी बसों का संचालन तो डिपो से हो रहा है, लेकिन सिरसा रोडवेज को अभी तक कोई एसी बस नहीं मिली है।
-धर्मपाल, ड्यूटी इंस्पेक्टर, हरियाणा रोडवेज।