हरियाणा के सिरसा में समाज कल्याण विभाग के ऑपरेटर और क्लर्क को विजिलेंस टीम ने रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। आरोपी गांव सुखचैन निवासी करीब 62 वर्षीय हरमिंद्र से पेंशन बनाने को लेकर रिश्वत की मांग कर रहे थे। जिसके बाद उसने मामले की शिकायत विजिलेंस को दी। टीम ने रेड कर आपरेटर को रंगे हाथ पकड़ा है। जबकि क्लर्क को पहले ही पीड़ित ने एक हजार रुपये दे दिए थे। ऐसे में टीम ने दोनों को काबू कर लिया।
जानकारी के अनुसार सुखचैन निवासी हरमिंद्र पेंशन बनाने को लेकर समाज कल्याण विभाग के काफी दिनों से चक्कर काट रहा था। ऐसे में उसका संपर्क क्लर्क और विभाग के सहायक ऑपरेटर के साथ हुआ । दोनों आरोपियों ने पेंशन बनाने की एवज में उससे पहले एक हजार रुपये की मांग की।
जिसके बाद पीड़ित ने एक हजार रुपये क्लर्क को दे दिए। इसके बाद भी आपरेटर ने पीड़ित से एक हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। ऐसे में उसने मामले की सूचना विजिलेंस को दी। आरोपियों ने पीड़ित को एक हजार रुपये की मांग करने के बाद उसे बाल भवन स्थित बनी नई दुकानों में बुलाया। पीड़ित ने आपरेटर को जब 500-500 के दो नोट दिए तो टीम ने उसे रंगे हाथ काबू कर लिया। जबकि क्लर्क भी उसके साथ उपस्थित था। क्लर्क को टीम ने शिकायत के आधार पर काबू किया है।