हरियाणा के सिरसा में कालांवाली पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाली सिंघपुरा चौकी इंचार्ज सहित सभी कर्मचारियों को लाइन हाजिर किए जाने के बाद अब एसपी की ओर से विभागीय जांच भी करवाई जाएगी। इसमें चौकी इंचार्ज सहित कर्मचारियों द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी जुटाई जाएगी। इसके लिए एसपी की ओर से जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बता दें कि ओढां में प्रगति रैली के बाद गांव दादू के गुरुद्वारा में शिरकत करने पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष सिंघपुरा चौकी पुलिस कर्मचारियों के संरक्षण में नशा बेचने की शिकायत दी थी। ग्रामीणों ने कहा था कि नशे की सप्लाई दिन दिहाड़े की जाती है। जब वह पुलिस को मामले की शिकायत देते है तो पुलिस भी उन पर कोई भी कार्रवाई नहीं करती।
मुख्यमंत्री ने मौके पर ही एसपी को कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। जिसके बाद एसपी डॉ. अर्पित जैन की ओर से सिंघपुरा चौकी के स्टाफ को लाइन हाजिर कर वहां पर एसआई संदीप कुमार को नया प्रभारी नियुक्त किया गया है और उन्हें नशा करने व बेचने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
रानियां में मामला दर्ज होने के बाद भी नहीं हुई कोई कार्रवाई
रानियां क्षेत्र में नशे के कारण दो युवकों की मौत हो गई। इसके बाद एक युवक के पिता ने पुलिस को नशा सप्लाई करने वाले 13 लोगों के खिलाफ शिकायत दी थी। लेकिन अभी तक संबंधित आरोपियों पर किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं हो पाई है। कॉलोनी वासी मामले को लेकर रानियां थाने का घेराव भी कर चुके हैं।
इसके अलावा कुछ दिन पहले ही रानियां के गांव नकौड़ा के ग्रामीणों ने नशा करते हुए दो युवकों को काबू किया था और मेडिकल से नशा सप्लाई होने की जानकारी दी थी। लेकिन फिर भी मेडिकल संचालक पर कोई भी कार्रवाई नहीं हो पाई है।
सिंघपुरा चौकी के पूरे स्टाफ को बदल दिया गया है। वहां पर नए कर्मचारियों को तैनात किया गया है। मामले की अब विभागीय जांच भी करवाई जाएगी। जिसमें पुराने कर्मचारियों के कार्य की जानकारी ली जाएगी। -डॉ. अर्पित जैन, पुलिस अधीक्षक, सिरसा।