सिरसा के गांव सिकंदरपुर के पास अवैध शराब की सूचना पर छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर हमला हो गया। हमलावरों ने पुलिस से शराब तस्करी मामले में पकड़े गए आरोपियों को छुड़ा लिया। इस घटना में एसएचओ सहित दो पुलिस कर्मी घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव सिकंदरपुर के बाहरी इलाके में शराब की अवैध तस्करी हो रही है। इस सूचना के आधार पर सदर पुलिस टीम ने एसएसओ ईश्वर सिंह के नेतृत्व में रेड की। बताया जा रहा है पुलिस टीम ने छापेमारी कर एक आरोपी को पकड़ लिया और गाड़ी में बैठा लिया। आरोप है कि इस दौरान आसपास के क्षेत्र के लोग एकत्र हो गए और पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया। इस दौरान एसएचओ ईश्वर सिंह और एक अन्य पुलिस कर्मचारी को चोटें आई। दोनों का नागरिक अस्पताल में मेडिकल करवाया गया। अब पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।