हरियाणा के सिरसा में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में एक छात्र ने छात्रा से छेड़छाड़ की। छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक ने छात्रा को थप्पड़ जड़ दिया। शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर साथी छात्राएं एकत्र होकर वीसी ऑफिस पहुंच गईं। आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी तो प्रशासन जागा और जांच के आदेश दिए। साथ ही अब आरोपी छात्र को भी नियमानुसार बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। यदि छात्रा पुलिस में शिकायत देगी तो एफआईआर भी होगी।
सीडीएलयू के विधि विभाग में एक छात्रा कई दिन से परेशान थी। विधि विभाग की छात्रा ने बताया कि उसके विभाग का ही पढ़ने वाला एक छात्र उसका कई दिनों से पीछा कर रहा था। उसने बात करने की कोशिश की। मना करने पर युवक उसे परेशान करने लगा। इसकी छात्रा ने प्राध्यापकों को मौखिक शिकायत दी। इसके बावजूद छात्र अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
यह भी पढ़ें : Haryana: गो बैक, गो बैक, केजरीवाल मुर्दाबाद... किसानों ने लगाए नारे, इस बात पर माफी मंगवाने को अड़े
छात्रा ने बताया कि तीन दिन पहले विभाग में उक्त छात्र ने उससे जबरदस्ती बात करने की एक बार फिर कोशिश की। फिर छात्रा ने इसका विरोध किया। आरोप है कि छात्र ने तैश में आकर छात्रा को थप्पड़ जड़ दिया। इतना ही नहीं छात्रा के बालों को पकड़कर घसीटने का प्रयास किया। इसकी शिकायत उसने लिखित रूप में विभाग के चेयरमैन को दे दी। छात्रा ने बताया कि शिकायत होने के बाद उक्त युवक उसे प्रताड़ित करने लगा और एक-दो बार गाड़ी चढ़ाने का भी प्रयास किया।
छात्राओं में पनपा आक्रोश
शिकायत के तीन दिन बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में उक्त छात्रा के साथ-साथ अन्य छात्राओं में आक्रोश पनप गया। बुधवार को छात्राएं एकत्र होकर वीसी ऑफिस पहुंचीं। उन्होंने वीसी से मुलाकात कर पूरा वाक्या बताया और मांग की कि उक्त आरोपी छात्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। छात्राओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई न हुई तो आंदोलन चलाया जाएगा और संघर्ष तेज करेंगे। कुलपति ने गंभीरता से मामले पर संज्ञान लिया और मौके पर ही अधिकारियों को बुलाकर पूरा मामला जाना। बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
शिकायत आई है, एक्शन ले लिया है : डॉ. राजेश बंसल
छात्रा की ओर से शिकायत आई है। इस मामले पर गंभीरता से काम कर रहे हैं और विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच के आदेश भी दे दिए हैं। विभाग के चेयरमैन की सिफारिश पर आरोपी छात्र को निर्धारित समय के लिए सस्पेंड कर दिया जाएगा। वैसे अगर छात्रा पुलिस में शिकायत दे तो पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
- डॉ. राजेश बंसल, रजिस्ट्रार, सीडीएलयू, सिरसा।