डबवाली। रविवार को सिरसा रोड स्थित उपमंडल के गांव सांवतखेड़ा के समीप हुए एक सड़क हादसे में चचेरे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव डबवाली निवासी 17 वर्षीय हैप्पी सिंह तथा उसकी चचेरी बहन 18 वर्षीय दीपू के तौर पर हुई है।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की मिली जानकारी के अनुसार सुबह 10 बजे के करीब उपरोक्त दोनों भाई-बहन एक्टिवा पर सवार होकर सिरसा की ओर जा रहे थे। गांव सांवतखेड़ा के समीप रांग साइड से अचानक एक तूड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली खेतों से निकली ओर एक्टिवा के सामने आ गई। जिसके चलते एक्टिवा अनियंत्रित हो गई और ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। जिससे दोनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे ही सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शहर थाना पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए डबवाली के सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली भी गांव डबवाली निवासी एक व्यक्ति का ही है।
जांच अधिकारी शहर थाना के एचसी सुरेश कुमार ने बताया कि मृतक के बुआ के बेटे मनदीप सिंह निवासी गांव डबवाली के ब्यानों के आधार पर ट्रैक्टर चालक जीत सिंह निवासी गांव डबवाली के खिलाफ मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।