मरीज छोड़ने की बात कहकर किराए पर ली कार, बीच रास्ते गन प्वाइंट पर लूटी
ओढां। तीन युवक हिसार से किराए पर ली गई कार को गांव जलालआना के निकट गन प्वाइंट पर लूटकर फरार हो गए। लुटेरों ने ड्राइवर के हाथ बांधकर उसे खेतों की ओर भगा दिया। चालक ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। इसके बाद ओढां पुलिस, डीएसपी डबवाली व कालांवाली के अलावा सीआईए व स्पेशल स्टाफ ने घटनास्थल पर पहुंचकर जिले में नाकाबंदी करवाई।
पुलिस को दी शिकायत में हिसार निवासी मदन लाल ने बताया कि वह टैक्सी स्टैंड पर गाड़ी लगाता है। वीरवार शाम दो युवकों ने उससे यह कहकर किराए पर गाड़ी ली कि हिसार से गांव जलालआना में मरीज छोड़कर आना है। जिसके बाद दोनों युवक कार में सवार होकर सरकारी अस्पताल के पास आ गए। जहां से उन्होंने मरीज बताए एक युवक को गाड़ी में बैठा लिया। चालक के मुताबिक उक्त युवकों ने उसे कालांवाली से जलालआना रोड पर चलने को कहा। बीच रास्ते दोनों युवकों ने यह कहकर गाड़ी रुकवा ली कि मरीज को उल्टी आ रही है। चालक ने जैसे ही गाड़ी रोकी तो तीनों युवकों ने नीचे उतरकर उसकी कनपटी पर पिस्तौल तानकर उसे नीचे उतार लिया। लुटेरों ने चालक के हाथ पीछे बांध दिए और उसे खेतों की तरफ भगा दिया और स्वयं गाड़ी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद चालक ने किसी व्यक्ति के फोन के माध्यम से कंट्रोल रूम को मामले की सूचना दी। जिसके बाद थाना प्रभारी काशीराम बैनीवाल ने तुरंत मौके पर पहुंचते हुए जिले में नाकाबंदी करवाई। सूचना मिलने के बाद डीएसपी डबवाली किशोरी लाल, कालांवाली के डीएसपी नरसिंह, सीआईए सिरसा व डबवाली के अलावा स्पेशल स्टाफ भी मौकेे पर पहुंचा। पुलिस ने जिला की सभी सीमाएं सील करते हुए रातभर दौड़-धूप की लेकिन लुटेरे फरार होने में कामयाब रहे। चालक के मुताबिक लुटेरों की उम्र 25 से 30 के बीच थी।
डिंग में भी तीन बदमाशों ने छीनी गाड़ी
वीरवार रात डिंग मंडी क्षेत्र में भी तीन बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर एक गाड़ी छीनी। गांव डिंगमंडी निवासी वासुदेव ने बताया कि वह किराए पर गाड़ी चलाता है। वीरवार रात उसके पास जगदीश नामक व्यक्ति का फोन आया। उसने डिलीवरी केस के लिए गाड़ी सिरसा ले जाने की बात कही। फोन के कुछ समय बाद वासुदेव बताए गए पते पर पहुंचा तो कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और उसकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी। युवकों ने उसके पास से 12 हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद युवकों ने उसे गाड़ी से नीचे उतरने के लिए कहा। डर के मारे वासुदेव गाड़ी से नीचे उतर गया। बाद में युवक उसकी गाड़ी लेकर फरार हो गए।
बढ़ रही लूटपाट की घटनाएं :-
चार दिसंबर को लुटेरों ने कालांवाली में पेट्रोल पंप कर्मी से 35 हजार रुपये लूटे तो वहीं पांच दिसंबर को बाइक सवार लुटेरों ने नटार के एक गड़रिया से गांव लहंगेवाला के निकट चाकू की नोंक पर 78 हजार रुपये लूटे।
कोट्स
घटना के बाद पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी करवा दी थी, लेकिन लुटेरे फरार होने में कामयाब रहे। लुटेरे चालक का मोबाइल भी छीनकर ले गए हैं। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ओढां पुलिस के अलावा सीआईए व स्पेशल स्टाफ की टीमें लुटेरों की तलाश में जुटी है।
किशोरी लाल, डीएसपी