क्षेत्र के गांव पिपली में मंगलवार रात को हथियारों के बल लुटेरे दो घरों में लूटमार कर लाखों रुपये का सोना और नकदी ले कर फरार हो गए। विरोध करने पर एक व्यक्ति को मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना मिलने पर कालांवाली पुलिस मौके पर पहुंची। लूटपाट की घटना को लेकर गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने केस दर्ज करके लुटेरों की खोज शुरू कर दी है।
गांव पिपली के निवासी एवं सरकारी स्कूल के चौकीदार सतपाल ने बताया कि वह मंगलवार रात को स्कूल में ड्यूटी पर था। रात करीब साढे़ 12 बजे पेट में दर्द होने के कारण वो दवा लेने के घर आ गया। दर्द के कारण वो हल्की नींद में था तभी 10 से 12 व्यक्ति छत के रास्ते से उसके घर में घुस गए। लुटेरों ने उसके कमरे का दरवाजा बाहर से बंदकर दूसरे कमरे में रखा कीमती सामान और आभूषण निकाल लिया। उसने बताया कि वह एक खिड़की के रास्ते से बाहर निकला और गली में आकर शोर मचाया तो लुटोरों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला किया और फरार हो गए। हमले में उसे सीने, हाथ और अन्य स्थानों पर चोटें पहुंची हैं। उसने बताया कि लुटेरे उसके घर से नकदी, आभूषण सहित अन्य सामान लूट कर ले गए।
इसी तरह पूर्व सरपंच राम कुमार ने बताया कि रात्रि करीब दो बजे उसकी नींद खुली तो देखा कि कुछ लोग घर के बरामदे में तेजधार हथियारों के साथ खड़े थे और चारपाई पर सो रही उसकी धर्मपत्नी के कान से सोने की बालियां उतारने की कोशिश कर रहे थे जिस पर उसने शोर मचाया। डर के मारे परिवार के सभी सदस्य भाग कर गली में चले गए। घर के एक कमरे में उसका बेटा सो रहा था जिसका गेट लुटेरों ने बाहर से बंद कर दिया। उन्होंने बताया कि लुटेरे उनके घर से आभूषण, नकदी और अन्य सामान लूट कर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई जिस पर कालांवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लुटेरों का कोई पता नहीं चला। उन्होंने बताया कि साथ लगते गांव टप्पी में भी चोरी करते हुए एक व्यक्ति को ग्रामीणों ने पकड़ा है जिसे ग्रामीणों ने ओढां थाना पुलिस के हवाले कर दिया। अशंका जताई जा रही है कि उक्त व्यक्ति भी उसी गिरोह का हो।
घटना के बाद बुधवार को गांव के लोग ओढां ब्लॉक समिति के चेयरमैन मनोज शर्मा के नेतृत्व में कालांवाली थाना में शिकायत लेकर आए और कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस प्रशासन द्वारा लोगों के लाइसेंसी हथियार भी थाना में जमा करवा रखे हैं ऐसे में इस स्थिति में वे अपनी सुरक्षा कैसे कर सकतें है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गांवों में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए और थाना में जमा लाइसेंसी हथियार लोगों को वापस दिए जाएं। इस मौके पर भाजपा नेता सतपाल शर्मा, सरपंच शाम लाल आदि उपस्थित रहे।
करीब दो माह पूर्व भी गांव असीर में लुटेरों ने दो घरों में हमला कर वहां से लाखों रुपये की लूटपाट की की थी जिसका कोई सुराग हाथ नहीं लगा। आज की इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है।