चोरी कर भाग रहे दो युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
डिंगमंडी। क्षेत्र के गांव भावदीन में एक घर से चोरी कर भाग रहे दो युवकों को आसपास के लोगों ने पकड़ लिया। लोगों ने पहले युवकों की छितर परेड की और उसके बाद पुलिस को हवाले कर दिया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव भावदीन निवासी शीलारानी पत्नी मखन लाल ने बताया कि रविार की सुबह परिवार का कोई सदस्य घर पर नहीं था। इसी बात का फायदा उठाकर गांव के ही दो युवक काका व ओमप्रकाश उनके घर में घुस गए। दोनों घर से करीब 75 किलोग्राम गेहूं व 50 हजार रुपए की नगदी चोरी कर लेकर जा रहे थे। आसपास के लोगों को जब घर में किसी के होने की भनक लगी तो काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। जब दोनों युवक बाहर निकलकर भागने लगे तो लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। लोगों ने पहले दोनों से पूछताछ की और बाद में छितरपरेड कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पूछताछ के बाद अपने साथ थाने ले गई। जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि रविवार की सुबह दो युवकों द्वारा घर में घुसने व नगदी व गेहूं चोरी की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर दोनों युवकों को हिरासत में लिया गया है। युवकों से पूछताछ की जा रही है। ताकि ये पता लगाया जा सके कि इससे पहले उन्होंने कहीं और चोरी की वारदात को अंजाम तो नहीं दिया।