फाजिल की मौत के बाद पुलिस ने जांच में खुलासा किया है कि दोहरे हत्याकांड को तीन तलाक मांगने पर अंजाम दिया गया है। वारदात से चंद रोज पहले फाजिल मुरादाबाद आया था, प्रेमिका अपने घर से उसके पास चली गई थी। वह 24 घंटे तक फाजिल के साथ रही थी। इस दौरान फाजिल ने प्रेमिका के पति के पास फोन किया और कहा कि प्रेमिका उसके साथ है, वह पति से तीन तलाक चाहती है। तुम (पति) उसको तलाक दे दो, जिससे की हम दोनों निकाह कर सकें। इससे क्षुब्ध होकर पति और प्रेमिका के परिजनों ने वारदात की साजिश रची थी।
वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। वह प्रयास कर रहीं हैं कि आरोपी जल्द ही गिरफ्त में आए। उनकी गिरफ्तारी के बाद बयानों को आधार बनाते हुए पुलिस फाजिल की प्रेमिका के शव को कब्र से बाहर निकालने की अनुमति जिला मजिस्ट्रेट से मांगेगी। डीएम के आदेश के बाद ही शव को कब्र से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। सोमवार को पाकबड़ा पुलिस की टीम कटघर स्थित फाजिल की प्रेमिका के मायके पहुंची। वहां पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई, जिससे कि खुलासा हो सके कि वारदात की रात घर पर कौन लोग आए थे। इसके बाद वह लोग वारदात को अंजाम देकर वापस घर कब पहुंचे थे।
बरेली के सिरौली निवासी फाजिल का शव शनिवार सुबह पाकबड़ा स्थित एक खेत में मिला था। गला रेतकर उसकी हत्या की गई थी। रविवार को शव की शिनाख्त हुई तो पता चला कि फाजिल की प्रेमिका की भी संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। उसके शव को दफन कर दिया गया है। सूचना पर पुलिस ने प्रेमिका के पारिवारिक सदस्य को हिरासत में ले लिया। उन्होंने खुलासा किया फाजिल की हत्या का विरोध जताने पर प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या की गई है। इसके बाद दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत होना बताकर शव को शनिवार को दफन कर दिया गया है।