अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद से लापता डेरा सच्चा सौदा प्रबंधन कमेटी की चेयरपर्सन विपसना इंसां पर सिरसा एसआईटी ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी कर उसे सिरसा हिंसा और डेरे से गायब हुए सामान में पूछताछ करने के लिए वीरवार और शुक्रवार को तलब किया है।
एसआईटी की तरफ से डेरा प्रबंधन की उपाध्यक्ष शोभा इंसां को ये नोटिस थमाया गया है। नोटिस देने पर शोभा इंसां ने एसआईटी से कहा है कि विपसना इंसां उसके संपर्क में नहीं है, अगर संपर्क हुआ तो उसे जांच में शामिल होने के लिए कह दिया जाएगा। महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में एसआईटी विपसना से पूछताछ करेगी।
वहीं, सिरसा एसआईटी ने डॉ. पीआर नैन की तलाश में राजस्थान के गुरुसर मोडिया स्थित डेरा में छापेमारी की। एसआईटी इंचार्ज डीएसपी अजय शर्मा के नेतृत्व में एसआईटी की टीमों ने राजस्थान पुलिस को साथ लेकर मंगलवार सुबह गुरुसर मोडिया डेरा चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद डेरा में तलाशी अभियान चलाया गया। सिरसा एसआईटी व राजस्थान पुलिस ने डेरा के अंदर बने अस्पताल, स्कूल, लंगर भवन सहित पूरा डेरा खंगाला। डेरा में चंद सेवादार को छोड़कर डेरा प्रबंधन से जुड़ा कोई पदाधिकारी नहीं मिला। दो राज्यों की पुलिस ने करीब चार घंटे तक गुरुसर मोडिया डेरा खंगाला, लेकिन डॉ. पीआर नैन सहित डेरा प्रबंधन से जुड़े गुरदत्त, गोलो बाई, बेअंत कौर व विपासना इंसां हाथ नहीं लगे। एसआईटी ने डेरा के सेवादारों से कड़ी पूछताछ की, सेवादार हरचरण सिंह ने एसआईटी को बताया कि काफी अरसे से गुरुसर मोडिया डेरा में विपसना इंसां, डॉ. पीआर नैन सहित कोई पदाधिकारी नहीं आया है। शाम को एसआईटी की टीम सिरसा की ओर रवाना हो गई।
बडे़ स्तर की जा रही है कार्रवाई
डेरा चेयरपर्सन विपसना इंसां को नोटिस जारी कर पूछताछ में शामिल होने के लिए बुलाया गया है। विपसना व डॉ पीआर नैन सहित डेरा प्रबंधन के जुड़े पांच लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए हुए हैं। उनकी तलाश में मंगलवार को राजस्थान स्थित गुरुसर मोडिया डेरा में राजस्थान पुलिस को साथ लेकर चार घंटे तक डेरा का चप्पा-चप्पा खंगाला गया।
-अजय शर्मा, डीएसपी एवं एसआईटी इंचार्ज सिरसा।