खाद्य आपूर्ति निरीक्षक की पत्नी का पेट्रोल पंप सील
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने मंगलवार को चेकिंग करते हुए रोहणा गांव के पास खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक की पत्नी का पेट्रोल पंप सील कर दिया। वाहनों चालको को पेट्रोल पंप पर सभी छह मशीनों से 30-50 एमएल कम तेल दिया जा रहा था। मशीनों में गड़बड़ी मिलने पर यह कार्रवाई गई गई।
डीएफएससी मनीषा मेहरा के नेतृत्व में मंगलवार को एएफएसओ वीरेंद्र, आईएलएम विपिन सूरा व नरेंद्र राणा चेकिंग पर निकले थे। गांव रोहणा के पास एक पेट्रोल पंप पर टीम ने मशीनों की चेकिंग की तो वहां सभी छह मशीनों में गड़बड़ी मिली। इन मशीनों से 30-50 मिली कम तेल दिया जा रहा था। यह पेट्रोल पंप रोहतक के सांपला में खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक देवेंद्र दहिया की पत्नी किरण बाला के नाम है। डीएफएससी ने कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप को सील कर दिया।