गांव बणी के लोगों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण।
रानियां। गांव बणी में जिला पुलिस की ओर से सोमवार को नशा मुक्ति शिविर का आयोजन किया। इसमें पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने क्षेत्र के सरपंचों और मेडिकल एसोसिएशन की बैठक ली। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नशा पीड़ित युवाओं के खून के सैंपल लिए और उन्हें दवाई वितरित की। गांव बणी और आसपास के गांवों के नशाग्रस्त 34 युवकों को दवाई दिलवाई गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सभी ग्राम पंचायतें, सामाजिक संस्थाएं, युवा क्लब और आमजन अपनी अग्रणी भूमिका निभाएं ताकि समाज को पूरी तरह से नशा मुक्त व अपराध मुक्त किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिला पुलिस की ओर से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल गतिविधियों और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान को जन आंदोलन बनाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी अति आवश्यक है। इसलिए प्रत्येक नागरिक इस बुराई के खिलाफ पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। इस दौरान डीएसपी ऐलनाबाद संजीव बल्हारा, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार, करीवाला चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर नितिन, गांव बणी की सरपंच नैना झोरड़ और आसपास के इलाके के अनेक सरपंच, युवा क्लब सदस्य आदि मौजूद रहे।
मेडिकल स्टोर चालकों की ली बैठक
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने इलाके के मेडिकल स्टोर चालकों की बैठक ली। उन्हें कहा कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे हैं अभियान में प्रशासन का सहयोग करें। प्रतिबंधित दवाइयां बेचने से पूरी तरह परहेज करें। पुलिस अधीक्षक ने इलाके के सभी सरपंचों को इस अभियान में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
अब तक 134 गांव नशा मुक्त हो चुके
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ग्राम पंचायतों तथा आमजन के सहयोग से अब तक जिला के 134 गांव व शहर सिरसा और ऐलनाबाद के 8 वार्ड नशा मुक्त हो चुके हैं। पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने कहा कि नशा का कारोबार करने वालों के बारे में निसंकोच होकर पुलिस प्रशासन को सूचना दें ताकि उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।