सिरसा। बेटी को जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या करने और दहेज के लिए मारपीट करने के आरोप में सिविल लाइन थाना पुलिस ने मृतका के पति सहित ससुराल पक्ष के चार लोगों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मृतक महिला कीर्ति के पिता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर 20 निवासी प्रेम कुमार ने बताया कि उसकी 27 वर्षीय बेटी की करीब पांच वर्ष पहले अमन चुघ निवासी छतरगढ़ मंडी जिला बीकानेर राजस्थान के साथ हुई थी। उनका एक चार वर्षीय बेटा अंश भी है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के बाद उसके ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए परेशान करते थे और मारपीट करते थे। करीब एक माह पहले उसके पति अमन, ससुर प्रवीन कुमार, सास रेनू व उसके देवर चमन ने मारपीट कर उसे व उसके बेटे को घर से बाहर निकाल दिया और गाड़ी लेकर ही वापस घर में आने की बात कहीं। इससे पहले भी उसके साथ ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट की थी और उसे घर से निकाल दिया था। बीते एक माह से उसकी बेटी व दोहता उसके पास ही रहे थे। लेकिन करवाचौथ के दिन उसका पति उनके घर पर आया। जिसके बाद उन्होंने बेटी के साथ घर बसाने की बात कही। सोमवार को सुबह वह घर से चला गया और उसके बाद वह भी अपने अपने काम के लिए घर से चले गए थे। घर पर बेटी कीर्ति और दोहता अंश ही थे। लेकिन दोपहर दो बजे के समय उसके पास उसके दामाद अमन का फोन आया कि कीर्ति ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया है। जिसके बाद वह घर पर पहुंचे तो बेटी के मुंह से झाग निकल रहा था। जिसके बाद उसने बेटी से पूछा तो बेटी ने पति द्वारा जहरीला पदार्थ दिए जाने की बात कहीं। उसके बाद वह बेटी के इलाज के लिए उसे नागरिक अस्पताल में लेकर पहुंचे। यहां पर बेटी के इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर ससुराल पक्ष के लोगों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।