संवाद न्यूज एजेंसी
ओढां। बुधवार को गांव ओढां से पन्नीवाला मोटा के मध्य नेशनल हाइवे पर कार सवार युवकों पर हमला करने के मामले में ओढां पुलिस ने घायलों के बयान पर नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में गांव गदराना निवासी कर्मवीर उर्फ करणी ने बताया कि 10 जून को हुए गांव गदराना निवासी गग्गू के मर्डर मामले में वह जमानत पर चल रहा है। बुधवार को वह, उसका साथी लालप्रीत, तलवंडी साबो निवासी खुशी, गांव जोगारला निवासी गग्गी व एक अन्य सहित 5 लोग सिरसा कोर्ट में पेशी पर गए हुए थे। इस दौरान दूसरे पक्ष से गग्गू ग्रुप के मंडी कालांवाली निवासी मोनु उर्फ राजदीप, जग्गा, गांव तख्मल निवासी सुक्खा नंबरदार, गांव गदराना निवासी लक्खी ढिल्लों, गुरसिमरण उर्फ गुरु, जस्सी उर्फ गुगी, गुरदीप उर्फ गुरु व गग्गी भी इस मामले में पेशी पर गए हुए थे। करणी के मुताबिक जब वे पांचों लोग अल्टो कार में सवार होकर गांव लौट रहे थे, तो रास्ते में दो कारों में सवार गग्गू ग्रुप के उक्त लोगों ने उनकी अल्टो को टक्कर मार दी। फिर लाठी-डंडों से कार पर हमला कर दिया। इस दौरान उसके साथी खुशी, गग्गी व एक अन्य जान बचाकर वहां से भाग गए, लेकिन वह व लालप्रीत को उक्त लोगों ने डंडों से हमला कर दिया। उक्त लोग उन्हें बेहोश होने तक मारते रहे। हमले में उसे व लालप्रीत को काफी चोटें आईं। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने घायल करणी के बयान पर मोनु, जग्गा, सुक्खा नंबरदार, लक्खी, गुरसिमरन, जसबीर, गुरदीप सिंह, गग्गी व सीप्पा केस दर्ज कर लिया है।