आंगनबाड़ी वर्कर्स को रोकते पुलिस कर्मी।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। मांगों को लेकर लघु सचिवालय के समक्ष धरनारत आंगनबाड़ी वर्कर्स ने शनिवार को उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला आवास का घेराव करने का प्रयास किया। वर्कर्स प्रदर्शन करते हुए बाबा भूमण चौक पर पहुंची और आवास की तरफ जाने के लिए बैरिकेड को तोड़ने का प्रयास करने लगी। लेकिन पुलिस कर्मचारियों ने सभी वर्कर्स को चौक पर ही रोक दिया। इसके पश्चात वर्कर्स ने आधा घंटा प्रदर्शन किया और सोमवार को दोबारा से आवास का घेराव करने की चेतावनी दी।
शनिवार को भी आंगनबाड़ी वर्कर्स का 18वें दिन लघु सचिवालय के समक्ष धरना जारी रहा। राज्य कमेटी के आह्वान पर सभी वर्कर्स एकत्र हो प्रदर्शन करते हुए बरनाला रोड स्थित बाबा भूमण शाह चौक पर पहुंची। मामले की भनक लगते ही पुलिस ने मंत्री के आवास की तरफ के रास्ते को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया और बैरिकेड लगा दिए। वर्कर्स ने रोष प्रकट करते हुए बैरिकेड तोड़ने का प्रयास किया लेकिन पुलिस की संख्या अधिक होने के कारण वर्कर्स बैरिकेड तोड़ने में कामयाब नहीं हो पाई। वहीं वर्कर्स ने कहा कि लंबे समय से उनका आंदोलन चल रहा है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो पा रही। आंगनबाड़ी की कार्यकारिणी कार्य प्रधान शकुंतला जागलान ने बताया कि अगर सोमवार तक उपमुख्यमंत्री या विभाग को कोई अधिकारी उनकी समस्या सुनने उनके बीच नहीं पहुंचा तो वह सोमवार को उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के आवास का घेराव करेंगी।