रणजीत सिंह हत्याकांड में आने वाले फैसले को लेकर नाके पर तैनात पुलिसकर्मी।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। रणजीत सिंह हत्या मामले को लेकर डेरा प्रमुख सहित पांच आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट की ओर से सजा सुनाए जाने को लेकर जिला पुलिस दिनभर अलर्ट पर रही। वहीं डेरा क्षेत्र में अस्पताल को छोड़ अन्य सभी प्रतिष्ठान और दुकानें बंद रही। डेरा में भी पहले के मुकाबले कम श्रद्धालु आते जाते दिखाई दिए। हालांकि कोर्ट ने अब सजा सुनाए जाने को लेकर 18 अक्तूबर तक कर फैसला सुरक्षित रख लिया है।
सुरक्षा के मद्देनजर बेगू रोड पर तीन स्थानों पर पुलिस ने नाके लगाए गए और पुलिस बल व अर्ध सैनिक बल के जवानों को तैनात किया गया। दिनभर पुलिस की ओर से डेरा क्षेत्र में पेट्रोलिंग भी गई। संदिग्ध होने पर वाहनों की जांच भी गई। डेरा क्षेत्र में दिनभर सन्नाटे जैसा माहौल देखने को मिला। हालांकि अस्पताल में दिनभर मरीज जांच करवाने के लिए आते-जाते दिखाई दिए। पुलिस की ओर से बेगू रोड स्थित शाह सतनाम चौक, गत्ता फैक्टरी के समक्ष और डेरा के दूसरी तरफ नहर के पास नाका लगाया गया।
डेरा की बंद रही सभी दुकानें
नए और पुराने डेरे में बनी मार्केट में भी संचालकों ने दुकानें बंद रखी। जिसके कारण श्रद्धालु भी नाम मात्र ही डेरा में आते जाते हुए दिखाई दिए। वहीं प्रशासन ने भी दिनभर डेरा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों के साथ संपर्क साधे रखा। प्रशासन ने भी डेरा प्रबंधक कमेटी की ओर से की जा रही गतिविधियों पर नजर गड़ाए रखी।