सिरसा। कालांवाली बस स्टैंड से बस में सवार हुए व्यक्ति की जेब से शातिर चोर 78 हजार रुपये नकदी चोरी कर ले गए। कुछ देर बाद व्यक्ति को इस बारे में पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस को दिए बयान में गांव हस्सू निवासी जगदेव सिंह ने बताया कि बीते सोमवार को वह बाइक लेने के लिए बस स्टैंड कालांवाली से डबवाली के लिए बस में सवार हुआ था। उसकी जेब में 78 हजार रुपये थे। कुछ देर बाद उसने जेब संभाली तो उसकी जेब से राशि गायब थी। जिस पर उसने पहले आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।