बड़ागुढ़ा। नशे के खिलाफ चलाए अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। टीम ने नेशनल हाईवे नंबर 9 पर गांव छतरियां के निकट एक कंटेनर व एक बोलेरो गाड़ी से 7 क्विंटल 40 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने मौके से 3 लोगों को काबू किया है। आरोपियों के खिलाफ बड़ागुढ़ा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एंटी नारकोटिक्स सेल को सूचना मिली थी कि राजस्थान से डोडा-पोस्त से भरा एक कंटेनर सिरसा से डबवाली की ओर आ रहा है। जिसके बाद टीम कंटेनर को पकड़ने के लिए उसके पीछे लग गई। बताया जा रहा है कि कंटेनर नेशनल हाईवे पर गांव छतरियां के निकट रुक गया। इसी दौरान एक बोलेरो गाड़ी आकर रुकी। कंटेनर सवार लोग बोलेरो में डोडा-पोस्त के बैग लादने लग गए। इसी दौरान नारकोटिक्स सेल ने मौके से 3 आरोपियों को धर दबोचा। जब कंटेनर की तलाशी ली गई तो उसमें बड़ी मात्रा में डोडा-पोस्त भरा हुआ था। जिसके बाद कंटेनर व बोलेरो को बड़ागुढ़ा थाना लाया गया। पुलिस ने जब नशीले पदार्थ का वजन किया तो वह 7 क्विंटल 40 किलोग्राम मिला। आरोपियों की पहचान ऐलनाबाद निवासी बलकरण सिंह उर्फ काका व पिंदर सिंह उर्फ सोनू तथा तलवाड़ा खुर्द निवासी मंदीप सिंह के रूप में हुई है। नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज एसआई दाताराम ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ बड़ागुढ़ा थाना में मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी अवतार सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश करेगी।
तस्करी में हो रहा कंटेनरों का इस्तेमाल
तस्कर तस्करी के लिए कंटेनर का इस्तेमाल करते हैं। ज्यादातर तस्कर गोवंश या नशे की तस्करी के लिए इन्हीं कंटेनरों का अधिक प्रयोग करते हैं। इन कंटेनरों पर डाक पार्सल वाहन लिखा होने के चलते पुलिस का संदेह नहीं जाता।