सीडीएलयू के परीक्षा केंद्र में पीएचडी के लिए परीक्षा देते परीक्षार्थी
- फोटो : Sirsa
सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में रविवार को दो चरणों में पीएचडी में दाखिले के लिए परीक्षाएं आयोजित करवाई गई। विद्यालय के सीवी रमन भवन में सुबह व दोपहर के सत्र में विद्यार्थियों ने परीक्षाएं दी। पीएचडी की 92 सीटों के लिए 477 विद्यार्थियों ने परीक्षाएं दी। जबकि परीक्षा के दौरान 164 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित नहीं हुए। जबकि विश्वविद्यालय में पीएचडी के लिए 641 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।
विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश की परीक्षा को लेकर सुबह से विद्यार्थियों की भीड़ लगने लगी। सुबह के सत्र में 10 से साढ़े 11 बजे तक प्रवेश परीक्षा हुई। सुबह के सत्र में अंग्रेजी, पत्रकारिता एवं जनसंचार, कॉमर्स, अर्थ शास्त्र, लोक प्रशासन, लॉ, बिजनेस एकेडमी, कंप्यूटर साइंस की परीक्षा ली गई। जबकि दोपहर के सत्र में साढ़े 12 बजे से 2 बजे तक फिजिक्स, बायोलॉजी में बॉटनी, केमिस्ट्री, ऊर्जा एवं पर्यावरण विज्ञान, फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी, गणित, एजुकेशन, शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा हुई।
आज होगा परिणाम घोषित
विश्वविद्यालय की पीएचडी की प्रवेश परीक्षा का परिणाम 21 फरवरी को घोषित किया जाएगा। इसी के साथ 23 व 24 फरवरी को इंटरव्यू व काउंसिलिंग होगी। 24 फरवरी को डिस्पले ऑफ मेरिट लिस्ट भी जारी होगी। दाखिला मिलने वालों को 24 फरवरी से 27 फरवरी तक फीस जमा करवानी होगी। विश्वविद्यालय द्वारा 28 फरवरी को वेटिंग लिस्ट जारी की जाएगी। इस लिस्ट में दाखिला मिलने वालों को 1 मार्च तक फीस जमा करवानी होगी।