सिरसा। जिले में डेंगू मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार को नए 20 डेंगू के मरीज मिले है। जिले में अब आंकड़ा बढ़कर 353 तक पहुंच गया है। इसके चलते अब स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ती जा रही है। डेंगू रोकथाम के लिए नगर परिषद की ओर से अब एक नई बड़ी मशीन भी मंगवाई गई है। जिसके चलते शहर में अब फॉगिंग भी अधिक तेजी से जा सकेगी।
डेंगू मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण अब डेंगू वार्ड भी कम पड़ता हुआ नजर आ रहा है। नागरिक अस्पताल में अब 25 से अधिक आशंकित डेंगू मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने अब डेंगू के सैंपल लेने की प्रक्रिया भी पहले से बढ़ा दी है। जिले में हर रोज 80 से अधिक लोगों के सैंपल लिए जा रहे है। इनमें से औसतन 20 से अधिक डेंगू के मरीज पाए जा रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने अब सर्वे करवाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जा रही है। नागरिक अस्पताल में अब बेडों पर मच्छरदानी लगाकर बेडों की संख्या को बढ़ाया जा रहा है।
फॉगिंग करवाने के लिए नगर परिषद ने बुलवाई नई मशीन
शहर में बढ़ते डेंगू मरीजों को देखते हुए अब नगर परिषद ने फॉगिंग करवाने के लिए नई मशीन भी बुलवाई है। हालांकि नगर परिषद के पास पहले दो फॉगिंग की छोटी मशीनें थी। ड्ढससे एक दिन में केवल एक वार्ड को ही कवर किया जा सकता था। लेकिन अब नगर परिषद की ओर से बड़ी मशीन को मंगवाया गया था। जिसके चलते हर रोज तीन से चार वार्डों में फॉगिंग करवाई जा सकेगी।
हर रोज नगर परिषद के पास पहुंच रही 30 से अधिक शिकायतें
डेंगू होने के डर से अब लोग नगर परिषद कर्मचारियों को फोन कर फॉगिंग करवाने के लिए बुला रहे है। हर रोज नगर परिषद के पास 30 से अधिक शिकायतें आ रही है। वहीं बारिश होने के बाद नगर परिषद की ओर से 30 से अधिक जलभराव वाले स्थानों पर तेल डालने का कार्य भी किया गया, ताकि वहां पर मच्छर न पनप सके और लोगों को डेंगू से बचाया जा सके।
डेंगू पीड़ित नौ जवानों को अस्पताल में चल रहा इलाज
ऐलनाबाद उपचुनाव में ड्यूटी पर तैनात जवान भी अब डेंगू की चपेट में आते जा रहे है। नागरिक अस्पताल में अब नौ डेंगू पीड़ित जवानों का इलाज चल रहा है। हालांकि कई अन्य जवान भी अस्पताल में भर्ती है जिनकी रिपोर्ट आना पेंडिंग है। जबकि इन मरीजों के प्लेट्लेट भी कम हैं। जवानों के भर्ती होने के बाद बटालियनों के अधिकारी भी रविवार को नागरिक अस्पताल में जवानों का हालचाल पूछने के लिए पहुंचे और जवानों से व्यवस्था के बारे में जानकारी मांगी।
पुलिस विभाग को नहीं पता, कितने जवान संक्रमित
उपचुनाव ड्यूटी में आए बीएसएफ, आएएफ, सीआरपीएफ सहित अन्य कंपनियों के जवान डेंगू और अन्य बुखार की चपेट में आ रहे हैं। इन जवानों की जिम्मेदारी पुलिस विभाग की है लेकिन पुलिस विभाग के अधिकारियों को ये भी नहीं पता है कि कितने जवान अब तक सामान्य बुखार या डेंगू-मलेरिया की चपेट में आ चुके हैं। एसपी डॉ. अर्पित जैन से बात की गई तो उन्होंने ये बात तो स्वीकार की कि इस समय आठ जवानों का इलाज चल रहा है। लेकिन अब तक कितने जवान चपेट में आ चुके हैं, इसकी जानकारी उन्होंने नहीं दी और पीआरओ से बात करके आंकड़ा लेने को कहा। इसके बाद पुलिस के पीआरओ सुरजीत सहारण से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस तरह कोई भी अधिकारिक आंकड़ा उनके पास उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि ये जानकारी उपलब्ध नहीं है कि कितने जवान डेंगू संक्रमित हैं या आशंकित।
मरीजों की बढ़ती जा रही है संख्या
डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। नागरिक अस्पताल में आठ डेंगू पीड़ित जवानों का इलाज चल रहा है। अस्पताल में मरीजों को सुविधा दी जा रही है।
-डॉ. मनीष बंसल, सीएमओ, नागरिक अस्पताल सिरसा।
फॉगिंग करवाई जा रही
ऐलनाबाद उपचुनाव में आए कंपनियों के जवानों के लिए व्यवस्था की गई है। जवानों के ठहराव वाले स्थानों पर फॉगिंग करवाई जा रही है।
-डॉ. अर्पित जैन, पुलिस अधीक्षक, सिरसा।