सिरसा। श्रावण माह में बरस रहे बदरा जहां लोगों को गर्मी से राहत दे रहे हैं, वहीं फसलों के लिए अमृत का काम कर रहे हैं। इसके उलट शहर में बारिश लोगों के लिए आफत बन रही है। पानी निकासी व्यवस्था सही नहीं होने के कारण जगह-जगह जलभराव हो रहा है। सिरसा में 20 एमएम बारिश ने लोगों का राहत दी पर जलभराव ने लोगों परेशानी बढ़ा दी। शहर के मुख्य बाजारों और कॉलोनियों में लोगों को आने जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव अधिक होने के कारण वाहन बीच सड़क पर बंद हो गए। वहीं बारिश के कारण करीब पांच घंटे तक शहर में बिजली भी बाधित रही।
शनिवार को दोपहर के समय तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया। लेकिन बारिश होने के बाद करीब दो डिग्री तक तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दोपहर तीन बजे आसमान में छाए बादलों से बूंदाबांदी होनी शुरू हो गई। जबकि इसके पश्चात तेज हवाएं चलने लगी और काफी अच्छी बारिश हुई। शनिवार को सिरसा में 20 और ओटू में 15 एमएम बारिश दर्ज की गई है। शहर में जलभराव होने के कारण शाम को अलग-अलग स्थानों पर जाम की स्थिति भी बनी रही। हालांकि पानी निकासी के लिए जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाई गई मोटरों और जेनरेटरों को भी शुरू कर दिया गया। ताकि जल्द से जल्द पानी की निकासी हो पाए।
शहर के इन स्थानों पर बनी जलभराव की स्थिति
शहर के हिसार रोड पर बारिश के बाद जलभराव हो गया। जिसके कारण आने जाने में वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं शहर के सुरखाब चौक, हिसारिया बाजार, भादरा बाजार, अनाज मंडी, शिव चौक से अनाज मंडी, जनता भवन रोड, वाल्मीकि चौक, नोहरिया बाजार, सदर बाजार, वाल्मीकि चौक से नागरिक अस्पताल रोड, डबवाली रोड और अग्रसेन कॉलोनी, कीर्तिनगर क्षेत्र में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। यहां पर जलभराव अधिक होने के कारण आवाजाही भी प्रभावित रही। इसके कारण मोटरसाइकिल चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहर में पांच घंटे तक प्रभावित रही बिजली, लोगों की बढ़ी परेशानी
बारिश आने के साथ ही शहर के फीडर भी बंद होना शुरू हो गए। जिसके कारण शहर वासियों को इस परेशानी का भी सामना करना पड़ा। पूरे शहर में ही करीब पांच घंटे तक बिजली बाधित रही। हालांकि बारिश रुकने के बाद ही लोग बिजली सुविधा केंद्र में फोन कर शिकायत करते रहे। शहर के करीब 30 ट्रांसफार्मरों के फ्यूज उड़ने की शिकायतें दर्ज हुई। जबकि 150 के करीब शिकायतें बिजली बाधित होने पहुंची। हालांकि जिन क्षेत्रों में पानी की निकासी हो गई उन क्षेत्रों में बिजली सप्लाई शुरू करने के लिए कर्मचारी भी मौके पर पहुंचते हुए नजर आए। जबकि कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी रहने से वहां पर बिजली की सप्लाई शुरू नहीं हो पाई।
किसानों की फसलों को मिला सबसे अधिक लाभ
बारिश होने के बाद फसलों को इसका सबसे अधिक लाभ मिला है। बीते एक सप्ताह से बारिश न होने के कारण किसानों को पानी से खेतों की सिंचाई करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता रहा था। लेकिन बारिश होने के बाद अब नरमे व धान की फसल को इसका लाभ मिला है। उमस और गर्मी के कारण नरमे में सफेद मक्खी के प्रकोप के कारण किसानों को भी काफी नुकसान उठाना पड़ रहा था। लेकिन अब उमस के बाद बीमारियों भी कम होने की संभावना है।
सदर बाजार में हुए जलभराव का दृश्य।- फोटो : Sirsa
नागरिक अस्पताल रोड पर हुआ जलभराव।- फोटो : Sirsa
अनाज मंडी रोड पर हुआ जलभराव का दृश्य।- फोटो : Sirsa
जनता भवन रोड पर हुआ जलभराव।- फोटो : Sirsa
नोहरिया बाजार में हुआ जलभराव।- फोटो : Sirsa