रोहतक। एक तरफ जहां पुलिस ने इंदिरा कालोनी में छापा मारकर एक युवक गज्जे सिंह को 420 ग्राम गांजे सहित गिरफ्तार किया है। दूसरी तरफ पुलिस ने नशे के दुष्परिणामों के प्रति युवाओं को जागरूक करने के लिए कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी व अखाड़ों में भी जाने का निर्णय लिया है।
पुलिस के मुताबिक सूचना मिली कि इंदिरा कालोनी निवासी गज्जे सिंह नशीला पदार्थ बेचने का कार्य करता है। अभी वह अपने घर के बाहर बैठा है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर उसे काबू किया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी ली तो उसके पास 450 ग्राम गांजा बरामद हुआ। सिटी थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं, डीएसपी मुख्यालय डॉ. रवींद्र कुमार का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान जारी है। मंगलवार को लाखनमाजरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रणबीर सिंह ने अपने एरिया की लाइब्रेरी व कोचिंग सेंटर में छात्र व छात्राओं को नशे के प्रति जागरूक किया। साथ ही अखाड़े में प्रशिक्षण ले रहे युवाओं को ड्रग्स, नशीली दवाएं व किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने के बारे में जागरूक किया। साथ ही हरियाणा राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो कीएनसीबी हरियाणा.इन वेबसाइट पर जाकर कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी व अखाड़े में युवाओ को प्रतिज्ञा दिलाकर स्वयं ई-प्रतिज्ञा सर्टिफिकेट डाउनलोड करवाया गया। वहीं, सदर थाना प्रभारी अरविंद ने गांव सांघी मे स्थित पॉलीटेक्निक कॉलेज के छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणाम के बारे में अवगत कराया।