शहर की चिन्नोट कॉलोनी में ठगों ने एक युवती से मोबाइल में एप डाउनलोड करवाकर उसके खाते से 75 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़िता ने आर्य नगर थाने में केस दर्ज कराया है।
पुलिस के मुताबिक चिन्नोट कॉलोनी निवासी पूजा वधवा ने दी शिकायत में बताया कि रविवार को 2 बजकर 55 मिनट पर उसने गुगल पर एसबीआई कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया। इसके बाद कॉल करके क्रेडिट की सुविधा के बारे में पूछा। थोड़ी देर बाद दूसरे मोबाइल नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि वह एसबीआई की कस्टमर केयर से बोल रहा है। उसने खाते पर इंटरनेट की सुविधा के लिए एक एप डाउनलोड करने के लिए कहा। उसने कहने पर क्यूवीक स्पोर्र एप डाउनलोड की। उसके बाद युवक ने अपने ही नंबर पर डिटेल शेयर करने के लिए मैसेज करने के लिए बोला। उसने ऐसा करने से मना कर दिया। युवक ने कहा कि वह कोई डिटेल नहीं ले रहा। इसके बाद उसने अपने ही नंबर पर मैसेज किया। इसी बीच खाते से 75 हजार रुपये कट गए।
मोबाइल हैक कर खाते से निकाले 8 लाख रुपये
साइबर ठगों ने आर्य नगर की महिला का मोबाइल हैक करके उसके दो खातों से 8 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़िता ने आर्य नगर थाने में ठगी का मामला दर्ज कराया है। पुलिस के मुताबिक महिला ने दी शिकायत में बताया है कि उसने फेसबुक नौकरी का विज्ञापन देखा था। उसने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया, उसके व्हाट्सएप पर मैसेज आ गया। उसे इंस्ट्राग्राम पर आईडी बनाने के लिए कहा गया। उसने फर्जी आईडी बना दी। इसके बाद उसे कुछ शक हुआ। उसने तत्काल पासवर्ड बदल दिया। बावजूद इसके उसके दो खातों से 8 लाख रुपये निकल गए। उसे शक है कि उसका मोबाइल हैक किया गया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज किया है। ब्यूरो