बैंयापुर-लाढ़ौत गांव में बिजली की गड़बड़ी की जांच करने गई बिजली निगम की विजिलेंस टीम के साथ ग्रामीणों ने न केवल मारपीट की, बल्कि रजिस्टर व बिजली मीटर भी छीन लिए। साथ में धमकी दी कि अगर गांव में दोबारा दिखाई दिए तो जान से मार देंगे। सदर पुलिस ने एसडीओ की शिकायत में पर मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक बिजली निगम की विजिलेंस टीम के एसडीओ राकेश दहिया ने दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे जेई विजय कुमार, एएलएम अमरजीत, ईएचसी अजमेर व ड्राइवर कर्मबीर के साथ सरकारी गाड़ी में बैंयापुर-लाढ़ौत गांव में पहुंचा। सूचना मिली थी कि मीटरों में गड़बड़ी करके बिजली चोरी की जा रही है। उन्होंने गांव निवासी सोमबीर के खंभे पर लगे मीटर की जांच की। जांच में गड़बड़ी मिली। सोमबीर के लड़के को घर से बुलाया और वीडियोग्राफी करते हुए पुराना मीटर उतार लिया। बिजली सप्लाई चालू करने के लिए नया मीटर लगाने लगे। सोमबीर के बेटे रजत ने नया मीटर लगाने से इनकार कर दिया। साथ ही आवाज देकर परिवार के दूसरे सदस्यों को भी बुला लिया। रजत की मां, विक्की व अन्य महिलाएं और पुरुष आ गए। न केवल टीम के साथ मारपीट की, बल्कि चेकिंग रजिस्टर और बिजली का नया व पुराना मीटर भी छीन लिया। पुलिस ने एसडीओ की शिकायत में सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, मारपीट, हाथापाई व मीटर छीनने व धमकी का केस दर्ज किया है।