रोहतक। शहर के सैनीवास मोहल्ले में 58 सेकंड में प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय के अंदर तीन फायर किए गए हैं। सोमवार को प्रॉपर्टी डीलर ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपी, जिसमें एक युवक डोगा बंदूक से फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर के बयान पर रैनकपुरा निवासी सूरज व उसके साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक सैनीवास निवासी मुकेश कुमार ने दी शिकायत में बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग व फाइनेंस का काम करता है। उससे छह माह पहले रैनकपुरा निवासी सूरज ने तीन लाख रुपये उधार लिए थे। उसने चार माह में पैसे वापस करने के लिए कहा था, लेकिन पैसे नहीं दिए। दो-तीन बार उसने सूरज को पैसे देने को कहा भी। रविवार शाम वह अपने ऑफिस में बैठा था। तभी सूरज अपने साथी राहुल, सोमबीर व एक अन्य के साथ काले रंग की कार में आया। आते ही जब वह गेट खोलने लगा तो सूरज हाथ में डोगा बंदूक लिए हुए था। इस कारण उसने गेट नहीं खोला। आरोपी ने घर के अंदर तीन-चार फायर किए। सूरज गालियां देते हुए अपने साथियों के साथ चला गया। कह रहे थे, अब तो तू बच गया, आगे जान से मार देंगे। दम है तो पैसे लेकर दिखा। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
वर्जन
आरोपी सूरज व उसके साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच पड़ताल कर रहे हैं। फुटेज को कब्जे में ले लिया है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके लिए दबिश दे रहे हैं।
- इंस्पेक्टर राकेश सैनी, थाना प्रभारी सिटी