रोहतक। शहर के सैनीपुरा में शुक्रवार को उस समय दहशत फैल गई, जब एक युवक ने मकान के विवाद को लेकर गली में दो हवाई फायर किए। पुरानी सब्जी मंडी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक सैनीपुरा निवासी प्रमोद ने दी शिकायत में बताया कि उसके ताऊ की लड़की हेमलता दिल्ली स्थित इंद्रलोक में रहती हैं और अध्यापिका हैं। उसका सैनीपुरा में पुश्तैनी मकान है। वीरवार को हेमलता रोहतक आई तो मकान पर कब्जे की बात को लेकर उसकी पड़ोसी युवक इशांत से कहासुनी हो गई थी। उस समय वह भी मौके पर मौजूद था। इशांत ने उसके साथ भी कहासुनी की। शुक्रवार को प्रमोद की पत्नी गली में खड़े एक लड़के से पूछ रही थी कि कहां से आए हैं। इसी बीच इशांत आया और उन्हें धमकी देकर हवाई फायर कर दिया। वे उसके पीछे 50 मीटर भागे, लेकिन आरोपी ने फिर गली में हवाई फायर कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। पुरानी सब्जी मंडी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र का कहना है कि जल्द आरोपी को काबू कर लिया जाएगा। पुलिस की एक टीम उसकी तलाश कर रही है।