रोहतक। भिवानी रोड स्थित लाहली गांव में दो साल पुरानी रंजिश के चलते होली के दिन मामा के घर आए एक युवक पर कुछ लोगाें ने हमला कर दिया। घायल को पीजीआई में दाखिल करवाया गया है। इस संबंध में कलानौर थाना पुलिस कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक एकता कॉलोनी निवासी मनोज ने दी शिकायत में बताया कि होली पर वह अपने मामा के घर लाहली गांव आया हुआ था। वीरवार को शाम सात बजे होली दहन देखने के लिये फिरनी की तरफ ठेके के पास खड़ा था। तभी पीछे से जयसिंह उर्फ गोलू आया और उसे पकड़ लिया। बोला, रविदास जयंती पर 2 साल पहले जो झगड़ा हुआ था। आज तेरे को उसका मजा चखाता हूं। इतनी देर में अन्य आरोपी भी आ गए। उनके हाथों में राड, पाइप व अन्य हथियार थे। उसे आरोपियों ने चोटें मारी। उसके मामा के लड़के विनय व मामी शीला ने आकर छुड़वाया। आरोपियों ने उसके भाई को भी जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच झगड़े में उसके 8500 रुपये भी गुम हो गए। साथ ही आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस व एटीएम कार्ड भी नहीं मिले। घायल का कहना है कि गांव का एक व्यक्ति आरोपियों को उसके खिलाफ भड़काता रहता है।