डी पार्क के पास दुकानदार से मारपीट के बाद दिल्ली रोड पर जाम लगाए दुकानदार।
रोहतक। शहर के डी पार्क चौक पर दुकान के पास लघुशंका करने से रोकने पर स्कॉर्पियो सवार युवकों को दुकानदार को पीटा और सामान सड़क पर फेंक दिया। घटना से गुस्साए दुकानदारों ने डी पार्क पुलिस चौकी के सामने 20 मिनट तक जाम लगा दिया। मामला बढ़ने पर सिविल लाइन थाना प्रभारी पहुंचे और दुकानदारों को समझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद सिविल लाइन थाने में अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। पुलिस देर रात तक आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
दुकानदार विशु गुगनानी ने बताया कि उसकी डी पार्क के पास दिल्ली रोड पर फास्ट फूड की दुकान है। रात करीब 10 बजे काले रंग की स्कॉर्पियो से तीन-चार युवक आए। वे दुकान के पास लघुशंका करने लगे तो उन्होंने विरोध किया। इससे भड़के युवकों ने उन्हें पीटकर घायल कर दिया और दुकान में रखा सारा सामान सड़क पर फेंक दिया। इसके बाद आरोपी युवक उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। जब घटना का पता अन्य दुकानदारों को चला तो उन्होंने सड़क जाम कर दी। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पहुंचे और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। करीब 20 मिनट के बाद यातायात सुचारु हुआ।