रोहतक। मां के मोबाइल फोन लेने पर तीन साल की मासूम मन्नत के बिलखकर रोने पर दंपती में विवाद हो गया था। वीरवार देर रात तक उनके बीच कहासुनी होती रही। शुक्रवार सुबह मासूम और पति को सोता छोड़ घर से निकली महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पूजा हिसार के पेटवाड़ गांव की रहने वाली थी।
राजस्थान के अलवर निवासी मनीष एक कंपनी में काम करते हैं। वह पत्नी पूजा (27) और तीन साल की मासूम मन्नत के साथ शास्त्री नगर में किराये के मकान में रहते हैं। जीआरपी के एसआई जोगिंदर ने बताया वीरवार को देरी से मनीष काम से लौटकर आया तो घर में सब कुछ सामान्य था। रात करीब 10 बजे मन्नत अपनी मां पूजा के मोबाइल फोन से खेल रही थी। मां ने उसके हाथ से फोन ले लिया तो वह बिलखकर रोने लगी। बेटी के रोने पर पति ने मोबाइल फोन देने के लिए पत्नी से कहा, बस इसी बात को लेकर दंपती में कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में दोनों के बीच काफी विवाद बढ़ गया, जो देर रात तक चला। मासूम के सोने के बाद पति-पत्नी भी सो गए। सुबह करीब पांच बजे बेटी और पति को सोता छोड़कर पूजा घर से निकली और सीधे रोहतक-समरगोपालपुर रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना मिलने पर जीआरपी के एसआई जोगिंदर मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर मौका मुआयना किया। शनाख्त नहीं होने पर शव मोर्चरी में रखवाया। शनिवार को पत्नी की तलाश करते हुए पति मोर्चरी तके पहुंचा, जहां उसकी शनाख्त पूजा के रूप में की। जीआरपी एसआई जोगिंदर ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
अज्ञात ट्रेन की चपेट में आकर व्यक्ति की मौत
रोहतक। लाखनमाजरा में शुक्रवार को रेलवे ट्रैक पार करते समय एक व्यक्त की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। जीआरपी के एसआई राजबीर ने बताया कि सुबह करीब छह बजे राकेश (40) रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी रफ्तार में आई एक ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई।
पिता ने दर्ज कराई दहेज हत्या की रिपोर्ट
जांच अधिकारी जोगिंदर ने बताया कि मृतका पूजा के पिता विंदर सिंह ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर आरोपी उनकी बेटी पूजा को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। इसके कारण ही उसने पूजा को मार दिया है। प्राथमिक जांच में मोबाइल लेने पर मासूम के रोने के बाद दोनों में विवाद होना और आत्महत्या करना सामने आया है। वहीं, थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह का कहना है कि दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद ही मामले की सच्चाई का पता चल सकेगा। फिलहाल दहेज हत्या के आधार पर ही जांच आगे बढ़ेगी।