रोहतक। नेहरू कॉलोनी में मिस्त्री की हत्या 11 हजार रुपये के लिए उसके साथी श्रमिक ने की थी। रिमांड के दौरान बिहार के समस्तीपुर से गिरफ्तार राजकुमार महतो ने यह खुलासा किया है। पुलिस उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत के चलते जेल भेज चुकी है।
सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देशराज ने बताया कि 30 मार्च को जींद रोड स्थित कबीर कॉलोनी निवासी राकेश ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसका पिता कृष्ण चिनाई मिस्त्री का कार्य करता था। उन्होंने डेयरी मोहल्ला निवासी नरेश का नेहरू कॉलोनी में नया मकान बनाने का ठेका लिया था। साथ में मजदूर भी काम करते थे। उसे सूचना मिली कि उसके पिता कृष्ण नेहरू कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान में गए थे, जहां एक मजदूर ने कस्सी से वार करके चोटें मारी हैं। वह अपनी मां के साथ तत्काल पिता को पीजीआई लेकर पहुंचा, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। जब पुलिस ने फुटेज की जांच की तो उसने में साफ दिखाई दे रहा था कि एक युवक मिस्त्री के सिर में वार कर रहा है। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। अब पुलिस ने उसे बिहार से काबू किया है। पूछताछ में पता चला कि चिनाई मिस्त्री कृष्ण व श्रमिक राजकुमार महतो एक साथ काम करते थे। महतो की 11 हजार रुपये की दिहाड़ी एकत्रित हो गई थी। वारदात के दिन दोनों के बीच दिहाड़ी को लेकर कहासुनी हो गई। महतो तत्काल पैसे मांग रहा था, ताकि अपने घर भेज सके। जबकि चिनाई मिस्त्री जल्द पैसे देने का भरोसा दे रहा था। इसी झगड़े में आरोपी ने चिनाई मिस्त्री के सिर में वार कर दिया और मौके से फरार हो गया था।