रोहतक। शहर के झज्जर रोड पर ड्यूटी करके घर जा रहे डीघल गांव निवासी सुरेश कुमार को रास्ते में एक वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर में घायल सुरेश को पीजीआई में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक झज्जर जिले के गांव डीघल निवासी सुनील कुमार ने दी शिकायत में बताया कि वह और उसका चाचा सुरेश कुमार शिमली गांव के नजदीक मेन हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंप पर नौकरी करते हैं। रविवार की रात करीब नौ बजे उसका चाचा स्कूटी पर तो वह अपनी बाइक पर घर जा रहे थे। जब शिमली गांव के अड्डे पर पहुंचे तो रोहतक की तरफ से एक गाड़ी आई और उसके चाचा की स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। राहगीरों की मदद से उसने चाचा को पीजीआई में दाखिल करवाया, जहां उनकी मौत हो गई। मामले की सूचना पाकर शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस पीजीआई पहुंची और वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से ड्राइविंग करने का मामला दर्ज कर लिया।