भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला
- फोटो : file
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के निशाने पर पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल दोनों हैं। हुड्डा पर जमीन आवंटन मामले में दर्ज मुकदमे पर बराला ने कहा कि उन्होंने जैसे कर्म किए हैं, वैसा ही उनको फल मिल रहा है। आम आदमी पार्टी की प्रदेश में बढ़ती गतिविधियों पर बराला ने तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह से केजरीवाल बिना सिर पैर वाली बात करते हैं, उसी तरह उनके दूसरे नेता हैं। आप को लेकर बराला ने विवादित बयान भी दिया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला शनिवार को कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के लिए प्रदेश कार्यालय पहुंचे थे। बराला ने पहले कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। उसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में अपने करीबियों को किसानों की जमीन कौड़ियों के भाव बांट दी गई तो खुद भी खूब मलाई खाई। अब उनको अपने दस साल के कार्यकाल का हिसाब देना पड़ रहा है तो वह बदले की भावना के तहत कार्रवाई होने के आरोप लगा रहे हैं। लेकिन जनता जान चुकी है कि कांग्रेस के कार्यकाल में किस तरह से उसको लूटा गया और उनकी कमाई को आकाओं को खुश करने के लिए लुटा दिया गया। उन्होंने कहा कि जमीनों के मामले में जितने भी दोषी मिलेंगे, उन सभी पर कार्रवाई होगी और किसी को नहीं छोड़ा जाएगा। इसके लिए सरकार पूरा विश्लेषण कर रही है कि किस-किस जगह जमीन आवंटन में घपला हुआ है। कई जगह कार्रवाई हो चुकी है और अभी कई जगह बाकी है।