हरियाणा के रोहतक के सांपला क्षेत्र में दहकोरा मार्ग पर निर्माणाधीन मकान पर काम करने के दौरान एक राजमिस्त्री और श्रमिक 11 हजार वोल्टेज लाइन की चपेट में आकर झुलस गए। राजमिस्त्री की मौत हो गई और मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना सुबह उस समय हुई जब मजदूराें ने छत पर जाकर काम शुरू किया था।
हाइटेंशन लाइन की चपेट में राजमिस्त्री आया था तो मजदूर उसे बचाने के चक्कर में झुलस गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेरा है। विद्युत निगम के एसडीओ ने पुलिस के मकान मालिक के खिलाफ शिकायत दी है।
पुलिस ने बताया कि दहकोरा मार्ग पर रिंकू के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। मकान के पास से हाइटेंशन लाइन गुजर रही है। रिंकू ने मकान बनाने की जानकारी निगम को भी नहीं दी, ताकि निगम की ओर से बचाव के लिए कुछ उपाय किए जा सके।
मंगलवार को निर्माणाधीन मकान की पहली मंजिल पर सुबह करीब आठ बजे राज मिस्त्री शावेज और मजदूर सयैद काम कर रहे थे। इसी दौरान राजमिस्त्री हाइटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। उसे बचाने के लिए मजदूर ने प्रयास किया तो वह भी झुलस गया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां पर उत्तरप्रदेश के बदायूं जिले के गांव बराला निवासी राजमिस्त्री शावेज की मौत हाे गई, जबकि सयैद की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलने पर सांपला पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
हाइटेंशन लाइन काफी पुरानी है। मकान मालिक रिंकू ने लाइन से सटाकर निर्माण शुरू किया। इसकी जानकारी भी विद्युत निगम को नहीं दी गई, ताकि हादसे को रोकने का कोई उपाय किया जाता। अब पुलिस को मकान मालिक के खिलाफ शिकायत दी है।
-जोगेंद्र सिंह, एसडीओ, विद्युत निगम सांपला।