रोहतक। जिले में कोरोना का पांचवां वैरिएंट ओमिक्रॉन दस्तक दे चुका है। स्विट्जरलैंड से आई महिला के ओमिक्रॉन वैरिएंट से ग्रस्त होने की पुष्टि होने के बाद अब बेल्जियम से आए यात्री का भी सैंपल जांच के लिए दिल्ली भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग को आशंका है कि यात्री ओमिक्रॉन वैरिएंट से ग्रस्त हो सकता है। फिलहाल गनीमत है कि विदेश से आए दोनों यात्रियों के परिजन अभी संक्रमण से सुरक्षित हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बेल्जियम से आए यात्री की हालत अभी ठीक है, उसे होम आइसोलेट किया गया है। वह जब बेल्जियम से चला तो उसकी जांच रिपोर्ट निगेटिव थी। जब वह जिले में आया तो जांच में वह संक्रमित मिला है। आरटीपीसीआर जांच में संक्रमित मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने मरीज का सैंपल दिल्ली इंस्टीट्यूट ऑफ जीनोमिक्स एंड इंटीगेटिव बायोलॉजी लैब (आईजीआईबी) में जांच के लिए भेज दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि स्विट्जरलैंड से आई महिला की दो आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। अब वह बिल्कुल ठीक हैं, उनके परिवार के भी सैंपल कराए जा चुके हैं और सभी निगेटिव हैं।
वर्जन
बेल्जियम से आए यात्री में कोरोना संक्रमण मिला है। इसके चलते यात्री का सैंपल दिल्ली ओमिक्रॉन वैरिएंट की जांच के लिए भेजा गया है। अब तक जिले में 800 से अधिक विदेश से यात्री आ चुके हैं। इसमें 390 के सैंपल जांच करवाए जा चुके हैं। अभी तक इसमें से दो ही संक्रमित मिले हैं, इसमें से एक निगेटिव हो चुकी है। विदेश से आने वाले यात्रियों के सैंपल स्वास्थ्य विभाग दिल्ली भेज रहा है, जबकि पीजीआईएमएस भी सीधे मरीजों के सैंपल जांच के लिए दिल्ली भेज रहा है। एमडीयू की लैब भी जल्द ही शुरू होने जा रही है। वहां पर भी कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट की जांच संभव हो पाएगी।
- डॉ. तरूण मधुर, हेल्थ मैनेजर, स्वास्थ्य विभाग
सावधान, कोरोना का बढ़ रहा दायरा, आठ नए संक्रमित
सावधान हो जाएं, क्योंकि जिले में कोरोना का दायरा बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को जिले में आठ नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जिले में कोरोना के 16 एक्टिव केस हो गए हैं। विभाग ने संक्रमण का बढ़ता स्तर देखते हुए 1126 सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। गौरतलब है कि जिले में अभी तक कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 25938 हो चुकी है। इसमें से 566 की मौत हो चुकी है।
ये मिले संक्रमित
आयु क्षेत्र लिंग व्यवसाय
62 मॉडल टाउन महिला सेवानिवृत्त
43 मॉडल टाउन पुरुष सेवानिवृत्त
25 रेलवे रोड महिला शिक्षक
47 झंग कॉलोनी महिला कनाडा में जॉब
54 सेक्टर चार पुरुष सेवानिवृत्त
60 मानसरोवर कॉलोनी पुरुष शौरी क्लॉथ मार्केट
23 रेलवे रोड महिला गृहिणी
15 गढ़ी बलंभ महिला छात्रा