जिला प्लान के तहत जनता कॉलोनी की एक सड़क कागज पर बन गई है। इसका 31 मार्च को 3.99 लाख रुपये का भुगतान भी हो गया है। वार्ड नंबर-18 की पार्षद दीपिका ने बीडीपीओ की मिलीभगत से घोटाले का आरोप लगाया है।
सांसद डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने छह दिसंबर 2021 को मेयर को पत्र लिखा, जिसमें सांसद जनता कॉलोनी में जोगीराम भारद्वाज की गली नजदीक विद्या सागर पार्क की सड़क डी (जिला) प्लान के तहत बनाने का अनुरोध किया। मेयर ने अपनी संस्तुति करते हुए पत्र निगम आयुक्त के पास भेज दिया। निगम आयुक्त डॉ. नरहरि बांगड़ ने 24 दिसंबर 2021 एडीसी (एडिशनल डिस्ट्रिक्ट कमिश्नर) महेंद्रपाल को पत्र भेजकर सड़क बनाने का 4.72 लाख रुपये का एस्टीमेट भेज दिया। जिस पर 15 फरवरी 2022 को डी प्लान के तहत सड़क बनाने के लिए 4.61 लाख रुपये स्वीकृत कर दिए गए। तब से लेकर अभी तक सड़क का निर्माण नहीं किया गया, मगर कागजों में वह बनकर तैयार हो गई है। वहीं, जब परेशान लोगों ने पार्षद से सड़क बनाने की मांग की तो उन्होंने निगम के अधिकारियों से संपर्क किया। तब पता चला कि सड़क बनाने का डी-प्लान के तहत 4.61 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हो गया है। जब पार्षद के प्रतिनिधि देवेंद्र नारा ने जानकारी हासिल की तो पता चला कि सड़क बनाने का 31 मार्च को 3.99 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। सड़क बनाने के लिए भुगतान की गई राशि को हड़पा जा सकता है।
वहीं, पार्षद दीपिका ने आरोप लगाया है कि उनके वार्ड की सड़क को कागज में बनाकर अधिकारियों ने 3.99 लाख रुपये का घोटाला किया है। उन्होंने पूरे मामले की उच्च अधिकारियों से जांच कराने की मांग की है। वहीं, जूनियर इंजीनियर मोहन गौतम का कहना है कि डी-प्लान में स्वीकृत धनराशि 31 मार्च को लैप्स हो जाती है, धनराशि निकाल ली गई। सड़क निर्माण सामग्री का स्टॉक ले लिया है। घोटाले का आरोप निराधार है।