शहर में रविवार को एक घंटे तक हुई बारिश से नगर निगम की व्यवस्था की पोल एक बार फिर खुल गई। जल निकासी के पुख्ता इंतजाम नहीं होने के कारण छोटूराम चौक, शांतमई चौक, सैनीपुरा रोड, गोहाना अड्डा रोड और सेक्टर दो-तीन में पानी एक फीट तक पानी भरा रहा। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान जलभराव से होकर निकलने का प्रयास करने पर कई वाहन बंद हो गए। उन्हें चालक खींचकर अपने घर ले गए।
शहर में रविवार की सुबह से ही बदली छाई रही। इस दौरान हवा नहीं चलने के कारण काफी उमस भी रही। पूर्वाह्न 11:10 बजे से अचानक बारिश होने लगी। इससे सुभाष चौक से कोर्ट चौक, सैनीपुरा रोड, न्यू राजेंद्रा कॉलोनी, आकाशवाणी के पास, गोहाना रोड, रेलवे रोड, बाबरा मोहल्ला, छोटूराम चौक से शांतमई चौक, रेलवे रोड, किला रोड, भिवानी रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर, हिसार रोड स्थित पालिका कॉलोनी, तिलियार कम्युनिटी सेंटर के पास, सेक्टर दो व तीन में जलभराव हो गया। छोटूराम चौक से शांतमई चौक व सैनीपुरा रोड पर पानी भरने की वजह से लोगों का काफी दिक्कत हुई। इस दौरान जलभराव में से निकलने के दौरान कई दोपहिया वाहन व ऑटो बंद हो गए, जिन्हें चालक खींचकर ले जाने को मजबूर हुए। जलनिकासी के लिए जनस्वास्थ्य विभाग और नगर निगम द्वारा किए गए इंतजाम नाकाफी साबित हुए। छोटूराम चौक से शांतमई चौक तक पानी भरा रहा। बारिश रुकने के करीब दो घंटे बाद पानी निकल सका। सेक्टरों में जलनिकासी के लिए निगर निगम द्वारा लगवाए पंप समय पर नहीं चलने की वजह से काफी देर तक जलभराव की वजह बने।
बारिश से बिजली आपूर्ति रही ठप, लोग परेशान
बारिश की वजह से शहर के कई इलाकों में दो से तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे लोग परेशान रहे। हालांकि बाद में आपूर्ति सुचारु कर दी गई। वहीं, 33केवी ओल्ड पावर हाउस की लाइनों की मरम्मत का कार्य बाधित होने से शाम साढ़े पांच बजे तक चला। इससे संबंधित क्षेत्र की बिजली पांच से छह घंटे तक बंद रही।
33 केवी ओल्ड पावर हाउस की लाइन मरम्मत का कार्य दोपहर 12 से तीन बजे तक होना था। समय से बिजली आपूर्ति बंद करके मरम्मत कार्य शुरू हो गया तभी तेज बारिश शुरू हो गई। इस वजह से कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया। बारिश रुकने के बाद दोबारा काम शुरू हुआ, जो शाम साढ़े पांच बजे पूरा हो सका। इससे जगदीश कॉलोनी, राम नगर, प्रताप नगर, शास्त्री नगर, शिव एन्क्लेव, गनीपुरा, आर्य नगर, डीएलएफ कॉलोनी, बैंक कॉलोनी, चिन्योट कॉलोनी, लेबर चौक, पटेल नगर, गांधी कैंप, जवाहर नगर, सरकुलर रोड, गीता कॉलोनी, श्रीनगर कॉलोनी आदि के लोगों को साढ़े पांच घंटे तक बिजली संकट झेलना पड़ा। वहीं, बारिश के दौरान फाल्ट होने अथवा लाइन ट्रिप होने से पुराने शहर के अधिकांश इलाके बाबरा मोहल्ला, पाड़ा मोहल्ला, सुनारिया, सुखपुरा चौक से सटी इलाकों में दो से तीन घंटे तक बिजली सप्लाई बाधित रही।