रोहतक रेलवे स्टेशन पर खाटू श्याम मेला स्पेशल एक्सप्रेस ट्रैन को झंडी दिखा कर रवाना करते सांसद अर?
रोहतक। सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने शनिवार को खाटू श्याम मेला स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि खाटू श्याम व बालाजी के भक्तों की मांग थी कि जयपुर-जींद-जयपुर स्पेशल मेला ट्रेन चलाई जाए, ताकि आवागमन में दिक्कत न हो।
सांसद ने बताया कि मेला स्पेशल ट्रेन चलाने के लिए रेल मंत्री से अनुरोध किया था। रेलवे से जुड़े कई बडे़ प्रोजेक्ट पाइप लाइन में है, जिनकी जल्द शुरुआत होगी। हरियाणा रेल इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने पिछले दिनों हरियाणा इकोनॉमिक रेल कॉरिडोर के सर्वे को मंजूरी दी थी, जिस पर गंभीरता से काम चल रहा है। रेल मंत्रालय ने रोहतक लोकसभा के लिए कई ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। स्पेशल ट्रेन के शुरू होने पर यात्रियों ने सांसद व रेल मंत्री का आभार जताया। सांसद ने खाटू श्याम मेले के लिए स्पेशल चलाई जयपुर-जींद-जयपुर एक्सप्रेस को शाम 4:20 बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मेला स्पेशल ट्रेन जींद से चलकर रोहतक-झज्जर के रास्ते रिंगस से होते हुए जयपुर जाएगी। अगले दिन ट्रेन रिंगस से सुबह 8:27 बजे झज्जर-रोहतक होते हुए जींद पहुंचेगी। सांसद ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि रेल मंत्रालय से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार हो चुकी है। कई ऐसे प्रोजेक्ट हैं जिसका फायदा रोहतक लोकसभा क्षेत्र के साथ-साथ आठ विधानसभाओं व तीन अन्य लोकसभा क्षेत्र के लोगों को मिलेगा। सांसद ने बताया कि रैपिड ट्रेन की मंजूरी मिल चुकी है। जल्द इस पर सर्वे शुरू होगा। पहले चरण में दिल्ली से मेरठ, मेरठ से अलवर और दिल्ली से पानीपत की शुरुआत की गई है। इस दौरान मेयर मनमोहन गोयल, अजय बंसल, राजकुमार सहगल, रमेश शर्मा, निजी सचिन सुनिल लाकड़ा, विपिन गोयल, राजेंद्र शर्मा, मोनू अत्री आदि उपस्थित रहे।