रोहतक। कलानौर खंड के गांव सुंडाना के तालाब में इनेलो कार्यकर्ता बिजेंद्र उर्फ बिजल ढाका (50) का शुक्रवार को गांव के तालाब में शव मिला। शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं हैं। पुलिस शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाएगी। कहानौर चौकी प्रभारी एसआई सुरेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को सूचना मिली कि गांव के तालाब में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। मृतक की शनाख्त गांव निवासी बिजेंद्र उर्फ बिजल ढाका के तौर पर हुई। परिजनों की मौजूदगी में शव की जांच पड़ताल की गई, लेकिन शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं थे। इसके बाद परिजनों के बयान दर्ज कर शव को पीजीआई के डेड हाउस में रखवा दिया।
कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल थे बिजल
एक दिन पहले सुंडाना गांव में इनेलो कार्यकर्ताओं का सम्मेलन था, जिसमें इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला पहुंचे थे। कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद बिजल का पता नहीं चला। शुक्रवार को उसका शव गांव के तालाब में मिला।
वर्जन-
बिजेंद्र उर्फ बिजल ढाका इनेलो पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता था। पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला के करीबी रहा है। एक दिन पहले गांव में हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में भी बिजल ढाका ने मंच से भाषण दिया था। जिला कार्यकारिणी में भी उनको पद दिया गया था।
- एडवोकेट कृष्ण कौशिक, जिला प्रवक्ता इनेलो