हरियाणा के रोहतक शहर के सेक्टर तीन में अपार्टमेंट बना रही कंपनी के एमडी एवं गुरुग्राम के बिल्डर मनीष भारद्वाज (40) की मंगलवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मंगलवार दोपहर बिल्डर का शव जसबीर कॉलोनी स्थित कमरे के अंदर मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। अब बुधवार को पुलिस पोस्टमार्टम कराएगी, तब मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस के मुताबिक गुरुग्राम के सुशांत लोक स्थित फेस 1 निवासी मनीष भारद्वाज बिल्डर के तौर पर कार्य करता था। साथ ही मकड़ौली निवासी सुरेश के साथ मिलकर रोहतक स्थित सेक्टर 3 में अपार्टमेंट बना रहा था। फरवरी 2022 से उसने जसबीर कॉलोनी में रहने के लिए कमरा ले रखा था।
मंगलवार को करीब 11 बजे रसोइया कमरे पर पहुंचा, लेकिन उस समय मनीष का कमरा अंदर से बंद था। उसने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद रसोइया ने मनीष के साथी बिल्डर मकड़ौली निवासी सुरेश को फोन किया।
सुरेश ने मनीष के मोबाइल पर संपर्क किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो सकी। इसके बाद सुरेश मौके पर पहुंचा और खिड़की से झांक कर देखा। मनीष मुंह के बल फर्श पर गिरा हुआ था। मामले की सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और कुंडी तोड़कर दरवाजा खोला गया।
साथ ही एफएसएल एक्सपर्ट डॉक्टर सरोज दहिया को बुलाया गया। दहिया ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की। मृतक के मुंह से खून की उल्टी आई हुई थी। सूचना पाकर गुरुग्राम से उसके परिजन रोहतक पहुंचे। पुलिस ने उनके बयान दर्ज कर शव पीजीआई के डेड हाउस में रखवा दिया।
बिल्डर मनीष भारद्वाज गुरुग्राम का रहने वाला है। साथ ही रोहतक के सेक्टर 3 में अपार्टमेंट बना रहा था। वह मंगलवार को अपने कमरे में मृत पाया गया। अब बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा, तब पता लग सकेगा कि उसकी मौत की वजह क्या है।
- इंस्पेक्टर सुरेश कुमार, प्रभारी थाना अर्बन एस्टेट