रोहतक। हड़ताली रोडवेज कर्मियों के मंगलवार को भी बसों का चक्काजाम करने के लिए वर्कशाप के गेट पर धरना दिया तो रोडवेज व पुलिस प्रशासन भड़क गया। हड़ताली कर्मी हटने को तैयार नहीं हुए तो जीएम ने अपशब्द कह डाले। इस पर कर्मी भड़क गए तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर दिया। जीएम ने गुस्से में माइक फेंका व तार तोड़ दिए। इतनी जद्दोजहद के बाद रोडवेज प्रशासन करीब 12 बसें ही चलाने के लिए निकाल सका। वहीं, हरियाणा रोडवेज साझा मोर्चा के नेता इंद्र सिंह बधाणा ने एक अप्रैल को धरना देने का एलान कर दिया है।
हड़ताली रोडवेज कर्मी सुबह वर्कशॉप के गेट पर नारेबाजी कर रहे थे। वहीं, डिपो जीएम अधीनस्थों के साथ हरसंभव तरीके से बसें चलाने की रणनीति बनाने में जुटे थे। करीब आठ बजे जीएम दलबीर फौगाट व डीएसपी काफी संख्या में पुलिस बल लेकर पहुंचे। जीएम ने हड़ताली कर्मियों से तत्काल गेट से न हटने पर सख्ती की हिदायत दी। कहा, बसों का संचालन हर हाल में होगा। यदि हड़ताल करनी है तो स्टैंड से 200 मीटर दूर करें, यहां किसी को इजाजत नहीं है। उन्होंने एक कर्मचारी नेता से अपशब्द, जिससे कर्मी भड़क गए और नारेबाजी तेज कर दी। माहौल बिगड़ता देख पुलिस फोर्स ने हल्का बल प्रयोग करके हड़ताली कर्मियों को हटाने का प्रयास किया। जीएम दलबीर फौगाट एक बस में सवार हुए और तेजी से वर्कशाप के बाहर निकाली। हड़ताली कर्मियों ने बस के सामने आकर रोकने का प्रयास किया मगर पुलिस ने बल प्रयोग करके हटा दिया। कुछ देर बाद जीएम फिर लौटकर मौके पर पहुंचे तो कर्मियों ने नारेबाजी कर दी। इस पर पुलिस ने गिरफ्तार करने के लिए कर्मियों को खींचकर बस में बैठाया। बस पुलिस लाइन के लिए वर्कशॉप से निकली मगर चंद कदम दूरी पर ही चालक ने बस चलाने से इनकार कर दिया। इस पर बस से उतरकर कर्मी दोबारा से धरनास्थल पर पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। जिस पर पुलिस ने फिर कुछ कर्मियों को धक्का मारते हुए और खींचकर अपनी गाड़ी में बैठाया। एकजुट कर्मियों ने छुड़ाने का प्रयास किया तो पुलिस को छोड़ना पड़ा। जब आंदोलित कर्मियों ने एलान कर दिया कि अगर अब बल प्रयोग किया या तो महंगा पड़ेगा। इसी स्थान पर बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद डिपो जीएम और पुलिस फोर्स रवाना हो गया। वहीं, हरियाणा रोडवेज साझा मोर्चा के नेता इंद्र सिंह बधाणा ने बस स्टैंड पहुंचकर कर्मचारियों के साथ बैठक की। एलान किया कि एक अप्रैल को डिपो जीएम के खिलाफ धरना दिया जाएगा।