जिले में रविवार को कोरोना का कोई नया केस सामने नहीं आया है। वहीं, सक्रिय मरीजों की संख्या दो रह गई है। इन मरीजों के ठीक होने पर जिले में एक बार फिर कोरोना शून्य होने की संभावना है। डेंगू का प्रकोप बना हुआ है। रविवार को पांच नए केस सामने आए हैं। इसके साथ ही डेंगू का आंकड़ा 411 पहुंच गया है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को 691 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। जबकि 449 को अपनी रिपोर्ट का इंतजार है। महामारी की संक्रमण दर 4.59 प्रतिशत व सुधार की दर 97.73 प्रतिशत है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अनिलजीत त्रेहान ने बताया कि लोगों को महामारी से सुरक्षित रखने के लिए टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत रविवार को 1190 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इसमें 349 को पहली व 841 को दूसरी डोज लगाई गई। अब तक विभाग 1047476 वैक्सीन की डोज लगा चुका है।
इधर, डेंगू के केस मिलने का सिलसिला जारी है। रविवार को डेंगू के पांच नए केस मिले। इनमें से किलोई में दो, जसिया, काठमंडी, महावीर कॉलोनी में एक-एक केस है। उप सिविल सर्जन डॉ. अनुपमा मित्तल ने बताया कि लार्वा विरोधी गतिविधि चलाई जा रही है। इसके तहत लोगों को जागरूक बनाने पर जोर दिया जा रहा है। जिले में डेंगू के 411 केस दर्ज किए गए हैं। घरों में मच्छर का लार्वा मिलने पर 5374 लोगों को नोटिस जारी किया जा चुका है। सिविल सर्जन डॉ. जेएस पूनिया के निर्देशानुसार वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी की देखरेख में डेंगू केस मिलने पर संबंधित इलाकों में विशेष टीम जागरूकता अभियान चला रही है। ये टीमें डेंगू के साथ जनता को कोविड-19 के खतरे से भी सचेत करने का काम कर रही है।