रोहतक। युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली युवती अपने ही बयान से मुकर गई है। यही नहीं, दुष्कर्म के आरोपी युवक से ही शादी होने की बात कहकर उसे बचाने थाने पहुंच गई। थाने में युवती ने कहा, युवक मेरा पति है। इसकी सुरक्षा मेरा धर्म है। यह मामला शुक्रवार को महिला थाने में सामने आया है। युवती ने अपनी पति के खिलाफ पुलिस से कोई कार्रवाई न करने की गुहार लगाई है। ऐसे में पुलिस के लिए भी असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
महिला थाने में एक युवती ने कुछ दिन पहले शिकायत दर्ज कराते हुए अपने साथ दुष्कर्म होने का आरोप लगाया था। शिकायत में कहा गया है कि युवक उसे एक होटल में ले गया और उसके साथ जबरदस्ती की। इस बारे में पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। युवती आरोपी को पिछले करीब एक साल पहले जानती थी। भिवानी के इस युवक से सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी। युवक सेना में जवान बताया गया है। पुलिस ने केस की जांच करते हुए आरोपी व उसके परिजनों से संपर्क किया। होटल से सीसीटीवी समेत अन्य तथ्य जुटाए। अब युवती अपने ही आरोपों से मुकर रही है। थाने में आकर उसने युवक के खिलाफ कार्रवाई न करने की अपील की है। उसका कहना है कि आरोपी युवक से उसने मंदिर में शादी कर ली है। शादी के फोटो व अन्य प्रमाण दिखाते हुए उसे अपना पति बताया व साथ ही कहा कि उसकी सुरक्षा करना मेरा धर्म है।
वर्जन
थाने में एक युवती ने दुष्कर्म की शिकायत दी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इसी बीच उसने उसी युवक से शादी करने की बात कही व तथ्य भी प्रस्तुत किए। उसने कार्रवाई न करने की बात कही है। इसलिए उसे पुलिस का समय खराब न करने की हिदायत दी गई है।
- सुशीला, डीएसपी।