पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में उपचाराधीन झुलसे मरीज। अमर उजाला
- फोटो : RohtakCity
गढ़ी बोहर में सोमवार की शाम करीब पांच बजे खाना बनाते समय गैस सिलिंडर (पांच किलोग्राम) लीक होने से आग लग गई। इस हादसे में दो माह की बच्ची से लेकर पांच साल के पांच बच्चों समेत आठ लोग झुलस गए। आसपास के लोगों ने आग बुझाई व झुलसे बच्चे व अन्य को पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। यहां इनका इलाज किया जा रहा है।
असम के गुवाहाटी हाल गढ़ी बोहर वार्ड 9 निवासी अब्दुल वारिक ने बताया कि सोमवार शाम भाभी आबीजा चावल बना रही थी। उसके पास ही बच्चे खेल रहे थे। अचानक गैस लीक होने से सिलिंडर में आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी और लकड़ी की फट्टियों से बनी झुग्गी कुछ ही देर में जल गई। इस हादसे में परिवार के आठ सदस्य झुलस गए। इसमें नजमा खातून (2 महीने), उमर अली (2 साल), ओकिया (3 साल), आबिज अली (4 साल), खादिजा (5 साल), मर्जीना (18), आबीजा (25), अबदुल्ला (27) शामिल है। इनकी चीख पुकार व आग देखकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और रेत से आग बुझाई। इसके बाद सभी को पीजीआई ले जाया गया। अब्दुल ने बताया कि पत्नी मर्जीना भी परिवार के अन्य सदस्यों की तरह अपने दोनों बच्चों के साथ वहीं बैठी थी। बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।