बैग में डाले कागज के नोटों की गड्डी
- फोटो : फाइल फोटो
मायके आई महिला को दो बदमाशों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर उसकी सोने की चेन, बालियां सहित कैश उड़ा लिया। जब महिला को होश आया तो उसके बैग में कागजों की नोटों की गड्डियां पड़ी हुईं थीं। महिला की शिकायत पर अर्बन एस्टेट थाने में दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
पुलिस को दी शिकायत में जींद के शर्मा कालोनी निवासी राजो देवी ने बताया कि बोहर में उसका मायका है। 22 जुलाई को महिला किसी काम से अपने भाई से मिलने बोहर आई थी। जांच अधिकारी अश्वनी कुमार ने बताया कि शाम के समय महिला को भाई ने बस स्टैंड की तरफ जाने वाली ऑटो में बैठाया। महिला ने बताया कि बोहर के नहर पुल के पास दो युवक भी उस ऑटो में सवार हो गए। पहले दोनों युवकों ने उनसे बातचीत की। इसके बाद कुछ नशीला पदार्थ सुंघा दिया। शीला बाईपास पहुंचने पर महिला ऑटो में बेसुध थी। किसी तरह से महिला को लोगों ने होश में लाया। महिला ने देखा कि उसके कानों से सोनी बालियां, चेन और बैग से पांच हजार सहित अन्य सामान गायब था। जब महिला ने अपना बैग चैक किया तो उसके अंदर कागजों से भरे नोटों की गड्डियां थी। फिर महिला ने मामले की सूचना पुलिस को दी।