हरियाणा के रोहतक शहर के बहुचर्चित विजय नगर हत्याकांड की स्टेट क्राइम ब्रांच दोबारा से जांच पड़ताल करेगी। शुक्रवार को हाईकोर्ट में रोहतक पुलिस की तरफ से दाखिल जवाब में यह सूचना दी गई। साथ ही प्रॉपर्टी विवाद के दृष्टिकोण से हुई जांच से भी अदालत को अवगत कराया गया। मामले की अब अगली सुनवाई हाईकोर्ट में 21 फरवरी को होगी।
हाईकोर्ट में याचिका दायर करके मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की थी। साथ ही अदालत को बताया गया था कि मामले की जांच केवल एक दृष्टिकोण से की गई। प्रॉपर्टी विवाद का दृष्टिकोण नहीं देखा गया। हाईकोर्ट ने पुलिस से जवाब मांगा था। शुक्रवार को हाईकोर्ट में पुलिस की तरफ से जवाब दाखिल किया गया। बताया गया कि मामले की स्टेट क्राइम ब्रांच को जांच सौंप दी गई है। अब हाईकोर्ट 21 फरवरी को मामले की अगली सुनवाई करेगा। -शिवांसु मलिक, आरोपी अभिषेक के हाईकोर्ट में वकील
वहीं, रोहतक पुलिस मामले में आरोपी अभिषेक उर्फ मोनू के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है, जिसमें केवल अभिषेक को आरोपी बनाया गया। हालांकि यह भी स्पष्ट किया गया कि केस में अन्य के शामिल होने को लेकर जांच जारी है। अगर कोई आरोपी मिला तो उसके खिलाफ सह चालान रिपोर्ट दाखिल होगी। आरोप पत्र दाखिल होने के बाद मामला सेशन कोर्ट में पहुंच गया था। अब ऊपरी अदालत में केस की अगली सुनवाई शुरू होगी।