हरियाणा के रोहतक में नौसेना की लेफ्टिनेंट प्रियंका ढुल ने आईजी ममता सिंह को पत्र लिखकर माता-पिता की सुरक्षा को खतरा बताते हुए विकास नगर स्थित मकान पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक नेवी अधिकारी प्रियंका ढुल ने दी शिकायत में बताया कि वह 2011 से नौ सेना में है और दिल्ली मुख्यालय में तैनात है। साथ ही विकास नगर रोहतक की मूल निवासी है। उसके माता-पिता रोहतक में ही रहते हैं। विकास नगर में उसका एक मकान है, जिसकी देखभाल माता-पिता करते हैं। आरोप है कि छह माह पहले कुंदन नाम के व्यक्ति ने धोखे से मकान में प्रवेश करके अब कब्जा कर लिया है।
जब उसके माता-पिता ने मकान खाली करने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। 15 जून को आरोपी उसके माता-पिता के घर पर आया और धमकी दी। साथ ही आरोपी के साथ पांच-छह लोग भी थे। डर के मारे उसके माता-पिता ने गेट नहीं खोला। उन्होंने उसे फोन करके सूचित किया।
प्रियंका ने एसपी रोहतक से बात की। एसपी ने नजदीक के पुलिस स्टेशन में शिकायत देने के लिए कहा। उसके माता-पिता ने शिकायत दी। इसके बाद 16 जून को तीन पुलिसकर्मी घर पहुंचे। इसके बावजूद आरोपी ने उसके माता-पिता को धमकाया।
मामले में कार्रवाई की जाए। साथ ही उसके माता-पिता की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। प्रियंका ने शिकायत की कॉपी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व नौ सेना के आला अधिकारियों को भी भेजी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।