हरियाणा के महेंद्रगढ़ में पुलिस के स्पेशल स्टाफ की टीम ने 15 किलो 510 ग्राम गांजे के साथ दो आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों के खिलाफ शहर थाना महेंद्रगढ़ में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। सोमवार को पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपियों की पहचान जसवंत निवासी नानुकलां पटौदी और विनीत निवासी कड़कड़डूमा दिल्ली के रूप में हुई है।
यूं पकड़ में आए आरोपी
पुलिस की प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी उत्तर प्रदेश से गांजा लाकर हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में बेचते थे। स्पेशल स्टाफ महेंद्रगढ़ प्रभारी उमर मोहम्मद ने बताया कि रविवार देर शाम उनकी टीम को सूचना मिली कि दो युवक गाड़ी में नशीले पदार्थ सहित पटौदी से महेंद्रगढ़ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम का गठन किया गया, टीम ने सूचना के आधार पर सुरजनवास रोड पर नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी। कुछ समय बाद गांव बवानिया की तरफ से एक गाड़ी आती हुई दिखाई दी, जिसे रुकवाकर गाड़ी युवकों से पूछताछ की गई। गाड़ी की तलाशी लेने पर 15 किलो 510 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
26 जून तक चलेगा नशे से आजादी अभियान
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना सदर महेंद्रगढ़ में मामला दर्ज किया गया और आरोपियों को रविवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह नशीला पदार्थ उत्तर प्रदेश क्षेत्र से लेकर आता था।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण के निर्देश अनुसार 12 जून से 26 जून तक नशे से आजादी पखवाड़ा अभियान चलाया गया है। अभियान के तहत जिला पुलिस की ओर से लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है और नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। यदि किसी भी नागरिक के आसपास कोई नशा बेच रहा है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, उसका नाम गुप्त रखा जाएगा और नशा बेचने वाले के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।